
शनिवार को ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में कहा, “अमेरिका की मध्यस्थता में हुई एक लंबी बातचीत के बाद, मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि भारत और पाकिस्तान ने पूर्ण और तत्काल सीजफ़ायर पर सहमति जताई है.”
भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने शनिवार को एक संक्षिप्त बयान जारी कर जानकारी दी है कि भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्षविराम पर सहमति बन गई है.

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर कहा कि भारत और पाकिस्तान ने व्यापक मुद्दों पर बातचीत शुरू करने पर राज़ी हो गए हैं.
उन्होंने लिखा, “मुझे ये बताते हुए खुशी हो रही है कि भारत और पाकिस्तान तत्काल सीज़फ़ायर करने और एक निष्पक्ष स्थान पर व्यापक मुद्दों पर बातचीत करने के लिए सहमत हो गए हैं.”

पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री इसहाक़ डार ने क्या कहा
पाकिस्तान के डिप्टी प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इसहाक़ डार ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर ये जानकारी दी है कि “पाकिस्तान और भारत पूर्ण और तत्काल संघर्षविराम पर राज़ी हो गए हैं.” इसहाक़ डार ने कहा, “पाकिस्तान और भारत तत्काल प्रभाव से सीज़फायर के लिए तैयार हो गए हैं. पाकिस्तान ने हमेशा ही अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के साथ बिना समझौता किए हुए क्षेत्र में शांति और सुरक्षा चाही है.”





















