
पौधरोपण के 4 वर्ष पूरे होने पर जल सखियों के साथ कल छतरपुर के जटाशंकर में पौधरोपण करेंगे श्री शिवराज सिंह चौहान
Posted On: 19 FEB 2025 2:41PM by PIB Delhi
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के प्रतिदिन पौधरोपण के संकल्प के आज पूरे 4 वर्ष हो गये हैं। श्री चौहान पौधरोपण के 4 वर्ष पूरे होने पर छतरपुर के जटाशंकर में जल सखियों के साथ कल पौधरोपण करेंगे। जल सखियां ग्रामीण क्षेत्रों में पानी बचाने की जागरूकता और ग्राम पंचायत क्षेत्रों में पोखर, तालाब, पानी की टंकियों की देखरेख व सप्लाई का काम करती हैं।

श्री चौहान ने 19 फरवरी 2021 को अमरकंटक में माँ नर्मदा के तट पर प्रतिदिन पौधारोपण का संकल्प लिया था और अमरकंटक में पत्नी श्रीमति साधना सिंह चौहान के साथ पहला पौधा रौपा था। श्री चौहान देश के 20 से अधिक राज्यों में अब तक लगभग 4 हजार 500 से ज्यादा पौधे लगा चुके हैं।
श्री शिवराज सिंह के प्रतिदिन पौधारोपण संकल्प में देश की राष्ट्रपति सहित विभिन्न देशों के राजदूत, मुख्यमंत्रीगण, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, पर्यावरणविद्, कलाकार सहित अनेक गणमान्यजन शामिल हो चुके हैं।
*****
एमजी/ आरएन





















