

तकनीकी नवाचार, बेहतर रखरखाव और कर्मियों की दक्षता से उत्पादन 3.69 लाख टन से बढ़कर 9.11 लाख टन पहुंचा
प्राइम रेल की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार, 130 मीटर लंबी रेल का उत्पादन बढ़कर कुल उत्पादन का 73.87 प्रतिशत हुआ
प्रविष्टि तिथि: 11 NOV 2026 5:43PM by PIB Raipur
भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) की यूनिवर्सल रेल मिल (यूआरएम) ने तकनीकी दक्षता, नवाचार और निरंतर सुधार के बल पर परिचालन उत्कृष्टता की नई मिसाल कायम की है। दिसंबर 2016 में उत्पादन प्रारंभ करने वाली इस अत्याधुनिक मिल ने पिछले कुछ वर्षों में न केवल अपनी उत्पादन क्षमता और गुणवत्ता में उल्लेखनीय वृद्धि की है, बल्कि देश के रेल अवसंरचना विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

उत्पादन के शुरुआती दौर में मिल के युवा कर्मियों के सामने उन्नत तकनीक पर आधारित उपकरणों के संचालन और रखरखाव की कई चुनौतियां थीं। उपकरणों में खराबी, रोलिंग संबंधी कठिनाइयों, गुणवत्ता संबंधी समस्याओं और प्रक्रिया की बाधाओं के बावजूद टीम ने इन चुनौतियों को सीखने, नवाचार और तकनीकी सुधार के अवसरों में बदला। व्यवस्थित शॉप-फ्लोर समस्या समाधान और निरंतर तकनीकी हस्तक्षेप के माध्यम से परिचालन दक्षता, प्रक्रिया स्थिरता और उत्पाद गुणवत्ता में लगातार सुधार किया गया।

इस दिशा में फर्नेस, मिल, कूलिंग बेड और फिनिशिंग क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण सुधार किए गए। फर्नेस संचालन एवं ब्लूम स्पेसिंग का अनुकूलन, रोल की गुणवत्ता और कूलिंग व्यवस्था में सुधार, गाइड एवं स्ट्रेटनिंग मशीनों में आवश्यक संशोधन तथा स्वचालित ऑनलाइन रेल पहचान मुद्रण प्रणाली की शुरुआत से उत्पादन प्रक्रिया अधिक प्रभावी और विश्वसनीय बनी। इसके साथ ही री-फिनिशिंग कॉम्प्लेक्स का विकास एवं कमीशनिंग मिल की फिनिशिंग क्षमता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण साबित हुआ। रेल वेल्डिंग लाइन में किए गए तकनीकी सुधारों से 260 मीटर लंबे वेल्डेड रेल पैनल के उत्पादन को भी बढ़ावा मिला।
_20261111174538_b1086a.jpeg)
यूनिवर्सल रेल मिल की उपलब्धियां इसके उत्पादन और गुणवत्ता के आंकड़ों में स्पष्ट दिखाई देती हैं। वित्त वर्ष 2018-19 में जहां प्राइम रेल का उत्पादन लगभग 3.69 लाख टन था, वहीं वित्त वर्ष 2025-26 में यह बढ़कर 9.11 लाख टन हो गया। इस अवधि में प्राइम रेल की स्वीकृति दर भी 85 प्रतिशत से बढ़कर 96 प्रतिशत तक पहुंच गई। इसी तरह कुल उत्पादन में 130 मीटर लंबी रेल की हिस्सेदारी 12.59 प्रतिशत से बढ़कर 73.87 प्रतिशत हो गई। ये आंकड़े मिल की बेहतर परिचालन क्षमता, तकनीकी परिपक्वता और गुणवत्ता नियंत्रण में हुए उल्लेखनीय सुधार को दर्शाते हैं।
इस परिवर्तनकारी यात्रा में कर्मियों की तकनीकी दक्षता और अनुभव का विकास भी अहम रहा है। नियमित तकनीकी सत्रों, ज्ञान के आदान-प्रदान, आंतरिक तकनीकी संशोधनों और मजबूत निवारक रखरखाव प्रणाली ने मिल में नवाचार तथा निरंतर सीखने की संस्कृति को बढ़ावा दिया है। कर्मियों के सामूहिक प्रयासों से न केवल उपकरणों की विश्वसनीयता बढ़ी, बल्कि जटिल परिचालन समस्याओं के प्रभावी समाधान की क्षमता भी विकसित हुई।
अब तक लगभग एक लाख किलोमीटर लंबी रेल का प्रेषण कर चुकी यूनिवर्सल रेल मिल भारतीय रेल अवसंरचना को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इसकी उपलब्धियां आधुनिक तकनीक, कर्मियों की विशेषज्ञता, सामूहिक प्रतिबद्धता और निरंतर सुधार के समन्वय का परिणाम हैं। पिछले वर्षों में मिल ने यह साबित किया है कि तकनीकी चुनौतियों को अवसरों में बदलने की क्षमता ही औद्योगिक उत्कृष्टता और दीर्घकालिक सफलता का आधार है।








