
केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियाँ लेकर जन-जन तक जाएंगे, पंचायत से पार्लियामेंट तक भाजपा का परचम लहराएंगे
निकाय चुनाव प्रभारी सवन्नी व पंचायत चुनाव प्रभारी सिंह ने कहा : जनता के हित के काम विष्णुदेव साय सरकार में साँय-साँय हो रहे हैं

Raipur chhattisgarh VISHESH रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व नगरीय निकाय चुनाव प्रभारी भूपेंद्र सिंह सवन्नी और त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव प्रभारी सौरभ सिंह ने कहा है कि आगामी निकाय और पंचायत चुनावों में भाजपा के प्रति वही जन-विश्वास और अगाध समर्थन व्यक्त होने जा रहा है, जो पिछले विधानसभा, लोकसभा चुनावों और रायपुर दक्षिण उपचुनाव में व्यक्त हुआ है। श्री सवन्नी और श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों, योजनाओं और उपलब्धियों को लेकर पार्टी कार्यकर्ता जन-जन तक जाएंगे और पंचायत से पार्लियामेंट तक भाजपा का परचम लहराएंगे।
भाजपा निकाय चुनाव प्रभारी श्री सवन्नी और पंचायत चुनाव प्रभारी श्री सिंह ने कहा कि पिछले एक वर्ष में मोदी की गारंटी पूरी करते हुए प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही सबसे पहले गरीबों को आवास देने के पत्र पर हस्ताक्षर किया गया। इसके साथ ही अपना वादा निभाते हुए बकाया 2 साल का धान का बोनस दिया। आज छत्तीसगढ़ का किसान खाने के लिए नहीं, खजाने के लिए खेती कर रहा है। भाजपा सरकार ने प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान 31सौ रुपए प्रति क्विंटल के भाव से धान खरीदी कर रही है और इस वर्ष फरवरी के पहले पखवाड़े के भीतर सभी किसानों को उनकी उपज के भुगतान की अंतर राशि का एकमुश्त भुगतान हो जाएगा। यह निर्णय साय सरकार की कैबिनेट में लिया गया है। भाजपा नेताद्वय ने कहा कि महिलाओं को सशक्त करने के लिए एक ओर जहाँ महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह 1000 रुपए महिलाओं के खाते में सीधे जमा के जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर रेडी टू ईट योजना वापस महिला स्व-सहायता समूहों को सौंपने का निर्णय भाजपा सरकार ने लिया है। आदिवासी क्षेत्रों में 5500सौ रुपए प्रति मानक बोरा की दर से तेंदूपत्ता की खरीदी हो रही है और आदिवासी भाइयों की तकलीफ को देखते हुए चरण पादुका का वितरण भी हो रहा है। जनता के हित के काम विष्णुदेव साय सरकार में साँय-साँय हो रहे हैं।





















