

रायपुर, 21 नवंबर 2026: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी विभाग द्वारा “Emerging Semiconductor and Quantum Technologies: Devices, Architectures, and Applications” विषय पर आयोजित छह दिवसीय एआईसीटीई एटीएएल फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (FDP) का समापन 21 नवंबर 2026 को ऑनलाइन माध्यम से हुआ। यह कार्यक्रम 16 से 21 नवंबर 2026 तक आयोजित किया गया। सेमीकंडक्टर क्षेत्र पर केंद्रित इस कार्यक्रम में शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं एवं तकनीकी विशेषज्ञों ने सेमीकंडक्टर उपकरणों, क्वांटम प्रौद्योगिकी तथा अगली पीढ़ी की कंप्यूटिंग प्रणालियों के क्षेत्र में हो रहे नवीनतम विकास पर विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम के समापन समारोह में प्रो. समीर बाजपेयी, माननीय प्रभारी निदेशक, एनआईटी रायपुर, मुख्य संरक्षक के रूप में; प्रो. सुभोजित घोष, अध्यक्ष, सतत शिक्षा प्रकोष्ठ (CEC), एनआईटी रायपुर; डॉ. बिजयानंद पटनायक, विभागाध्यक्ष, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी विभाग एवं कार्यक्रम संयोजक; प्रो. चित्रकांत साहू (इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी विभाग), समन्वयक; तथा डॉ. कौशल कुमार निगम (इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी विभाग), सह-समन्वयक के रूप में उपस्थित रहे।
इस फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम का प्रमुख उद्देश्य सेमीकंडक्टर प्रौद्योगिकी, डिवाइस मॉडलिंग, क्वांटम कंप्यूटिंग, न्यूरोमॉर्फिक सिस्टम, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) हार्डवेयर तथा उनके व्यावहारिक अनुप्रयोगों में हो रही प्रगति की व्यापक जानकारी प्रदान करना था। इस कार्यक्रम ने शैक्षणिक एवं औद्योगिक सहयोग को बढ़ावा देने तथा प्रतिभागियों के बीच नवीनतम तकनीकी ज्ञान के आदान-प्रदान के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंतिम दिन प्रथम तकनीकी सत्र में विपन सेमीकंडक्टर के निदेशक श्री पंकज चौबे ने “Internet of Things (IoT): Connecting Semiconductor Devices, Transforming Industries, and Enriching Lives” विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान दिया। द्वितीय तकनीकी सत्र में सैमसंग फाउंड्री, बेंगलुरु के परियोजना प्रमुख अभियंता डॉ. सुनील पांडेय ने “AI-Driven Transformation of the Emerging Semiconductor Technologies: From Silicon to Smart Chips” विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान प्रस्तुत किया। तृतीय तकनीकी सत्र में ग्लोबलफाउंड्रीज, बेंगलुरु के प्रधान अभियंता डॉ. दिनेश कुशवाहा ने “In-memory and Brain-inspired Computing: From Devices and Circuit Perspectives” विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान दिया। अंतिम दिन आयोजित इन तीनों तकनीकी सत्रों में प्रतिभागियों को उद्योग जगत के विशेषज्ञों से उभरती प्रौद्योगिकियों, उनके अनुप्रयोगों तथा भविष्य की संभावनाओं के बारे में जानने का अवसर मिला।
इस छह दिवसीय कार्यक्रम में देश-विदेश के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों एवं उद्योग जगत के विशेषज्ञों ने व्याख्यान दिए। इनमें आईआईटी, बीआईटीएस पिलानी दुबई कैंपस, यूनिवर्सिटी ऑफ अलबामा इन हंट्सविल, येउंगनाम यूनिवर्सिटी, ग्लोबलफाउंड्रीज, इंटेल, सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स तथा कैडर डिजाइन सिस्टम जैसी संस्थाओं के विशेषज्ञ शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान सेमीकंडक्टर डिवाइस मॉडलिंग, TCAD आधारित प्रौद्योगिकी, न्यूरोमॉर्फिक कंप्यूटिंग, एआई चिप्स, क्वांटम सर्किट, उन्नत FET प्रौद्योगिकी तथा ऊर्जा-कुशल कंप्यूटिंग आर्किटेक्चर जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ व्याख्यान एवं चर्चा आयोजित की गई। छह दिवसीय कार्यक्रम का समापन 21 नवंबर 2026 को समापन समारोह के साथ हुआ।
इस प्रकार, एनआईटी रायपुर का इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी विभाग उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान उत्कृष्टता तथा उद्योगोन्मुखी ज्ञान को प्रोत्साहित करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।







