

Raipur chhattisgarh VISHESH // एनआईटी रायपुर के वास्तुकला एवं योजना विभाग ने एसोसिएशन ऑफ स्टूडेंट्स ऑफ आर्किटेक्चर (@asar_nitrr) के सहयोग से 13 नवंबर 2026 को ‘साधारण शहरी डिज़ाइन के माध्यम से यातायात सुरक्षा एवं भीड़भाड़ कम करने के समाधान’ विषय पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया। इस व्याख्यान में प्लेसमेकर स्टूडियो (@theplacemaker) के प्रधान वास्तुकार एवं रायपुर ट्रैफिक हैकाथॉन 2026 के विजेता आर्किटेक्ट कार्तिके पंत ने वक्ता के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम में संस्थान के संकाय सदस्यों, पीएचडी शोधार्थियों, स्नातकोत्तर एवं स्नातक विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
व्याख्यान का उद्देश्य यह प्रदर्शित करना था कि सार्वजनिक स्थानों, सड़कों एवं चौराहों पर सुविचारित शहरी डिज़ाइन के माध्यम से यातायात जाम की समस्या को कम करने तथा शहरी जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा सकती है। शंकर नगर स्थित अशोका टावर चौराहे के प्रस्तावित पुनर्विकास को उदाहरण के रूप में प्रस्तुत करते हुए, आर्किटेक्ट कार्तिके पंत ने ‘टैक्टिकल अर्बनिज़्म’ (Tactical Urbanism) की कार्यप्रणाली को समझाया। उन्होंने कम लागत वाली एवं शीघ्र स्थापित की जा सकने वाली सामग्रियों के माध्यम से सड़क के मौजूदा स्थान का पैदल यात्रियों, पार्किंग एवं वाहनों की आवाजाही के लिए बेहतर पुनर्वितरण करने की अवधारणा प्रस्तुत की। इस सत्र ने विद्यार्थियों को नागरिक बुनियादी ढांचे, मानव-केंद्रित सड़क डिज़ाइन एवं सतत शहरी विकास की व्यावहारिक समझ प्रदान की।







