




केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के शुभकामना संदेशों के प्रति जताया आभार, कहा— राष्ट्रनिर्माण के प्रति संकल्प हुआ और अधिक दृढ़
Raipur chhattisgarh VISHESH / केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री, भारत सरकार एवं बिलासपुर लोकसभा के सांसद श्री तोखन साहू ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर देश की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु तथा माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रेषित शुभकामना संदेशों के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में श्री साहू के अथक परिश्रम, असीम ऊर्जा, अटूट संकल्पशक्ति और ‘न्यू इंडिया’ के निर्माण में उनकी भूमिका की सराहना करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना की है वहीं, राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने भी अपने शुभकामना संदेश में उनके अच्छे स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और राष्ट्र के प्रति निरंतर समर्पित सेवा के लिए अपनी हार्दिक मंगलकामनाएँ प्रेषित की हैं।
शीर्ष नेतृत्व के प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए श्री तोखन साहू ने महामहिम राष्ट्रपति के प्रति कहा कि “जन्मदिन के विशिष्ट अवसर पर प्रेषित शुभकामनाओं ने मुझे अत्यंत अनुगृहीत किया है। आपका यह मार्गदर्शन मेरे सार्वजनिक जीवन की अमूल्य थाती है। राष्ट्र सेवा के प्रति मेरी प्रतिबद्धता को ऊर्जा देने के लिए आपका हृदय से आभार।”

माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार करते हुए कहा कि “आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, आपके अमूल्य शुभकामना संदेश एवं स्नेहिल आशीर्वाद के लिए हृदय से आभार। आपके यशस्वी एवं ओजस्वी नेतृत्व में राष्ट्र सेवा का यह दायित्व निर्वहन करना मेरे लिए परम सौभाग्य का विषय है। आपकी दूरदर्शिता, असीम ऊर्जा और ‘विकसित भारत’ के निर्माण का अटल संकल्प हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्पद है। आपके ये आत्मीय शब्द मुझे जनसेवा के पथ पर पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने हेतु निरंतर संबल प्रदान करते हैं। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य, सुदीर्घायु तथा यशस्वी जीवन की मंगलकामना करता हूँ, जिससे राष्ट्र को आपका अनवरत मार्गदर्शन प्राप्त होता रहे।”
श्री साहू ने विश्वास व्यक्त किया कि जनसेवा ही उनके जीवन का परम उद्देश्य है। हर जरूरतमंद के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने और प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ के विजन को धरातल पर उतारने के लिए वे पूरी निष्ठा, ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ अपने पथ पर अग्रसर रहेंगे।








