





Raipur chhattisgarh VISHESH / शिवरीनारायण। शिवरीनारायण में आयोजित तीन दिवसीय शिवरीनारायण महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तथा बिलासपुर सांसद श्री तोखन साहू शामिल हुए। महानदी, शिवनाथ और जोंक नदी के पावन त्रिवेणी संगम पर वैदिक मंत्रोच्चार एवं शंखनाद के बीच भव्य गंगा-महानदी आरती आयोजित की गई।
इस अवसर पर श्री तोखन साहू ने कहा कि शिवरीनारायण भगवान श्रीराम और माता शबरी की भक्ति, प्रेम एवं समर्पण की पावन भूमि है। भगवान श्रीराम द्वारा माता शबरी के बेर स्वीकार करने का प्रसंग सामाजिक समरसता और समानता का शाश्वत संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ की धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और विकास को नई गति मिल रही है। शिवरीनारायण महोत्सव हमारी समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण मंच है।
श्री साहू ने महोत्सव के लिए क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने का संकल्प दोहराया।








