
छत्तीसगढ़ के औद्योगिक परिदृश्य में भिलाई इस्पात संयंत्र अपनी उत्पादन क्षमता के साथ-साथ सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था के लिए भी विशिष्ट पहचान रखता है। इस सुरक्षा तंत्र का प्रमुख आधार संयंत्र की फायर ब्रिगेड है, जो केवल अग्निशमन तक सीमित न रहकर हर प्रकार की आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने वाला एक प्रशिक्षित और समर्पित बल बनकर उभरा है।
संयंत्र की अग्निशमन सेवा चार प्रमुख स्तंभों—प्रशिक्षण, रोकथाम, अनुरक्षण और संचालन—पर आधारित है। प्रशिक्षण (Training) के अंतर्गत फायरफाइटर्स को लगभग एक वर्ष की अवधि में तकनीकी दक्षता, प्राथमिक उपचार, आपदा प्रबंधन तथा मानसिक एवं शारीरिक सुदृढ़ता का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम संयंत्र के साथ-साथ स्कूलों, अस्पतालों एवं अन्य संस्थानों तक भी विस्तारित किया गया है, जिससे व्यापक स्तर पर अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित हो रही है।


रोकथाम (Prevention) विंग संवेदनशील क्षेत्रों जैसे तेल भंडारण स्थल, गैस एजेंसियां और पेट्रोल पंपों की नियमित निगरानी कर “रोकथाम ही सर्वोत्तम सुरक्षा” के सिद्धांत को प्रभावी रूप से लागू करता है। संयंत्र में स्थापित 16,200 से अधिक अग्निशामक यंत्रों का प्रत्येक चार माह में निरीक्षण किया जाता है, जो सतत निगरानी और सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

अनुरक्षण (Maintenance) विंग फायर टेंडर, पंप तथा अन्य आपातकालीन उपकरणों की कार्यक्षमता सुनिश्चित करता है। हाल ही में 12 नए फायर टेंडरों के शामिल होने से इस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया गया है। वहीं संचालन (Operation) विंग आग पर नियंत्रण, बचाव कार्य, मॉक ड्रिल, वीआईपी ड्यूटी, डिवाटरिंग और गैस लाइन संचालन जैसे विविध कार्यों का दक्षतापूर्वक निर्वहन करता है। उल्लेखनीय है कि फायर कॉल प्राप्त होते ही मात्र 30 सेकंड के भीतर टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो जाती है, जिससे संभावित बड़े नुकसान को समय रहते टाला जा सकता है।
हाल के घटनाक्रमों में फायर ब्रिगेड की तत्परता और दक्षता स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई है। भिलाई सेक्टर-6 स्थित एक प्रतिष्ठान में लगी आग के दौरान सकारात्मक दबाव वेंटिलेशन (Positive Pressure Ventilation) फैन और ब्रीदिंग अपरेटस सेट की सहायता से धुएं से भरे परिसर में स्थिति को नियंत्रित किया गया। रायपुर स्थित एक होटल में आग की घटना के दौरान राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (State Disaster Response Force) और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (National Disaster Response Force) के साथ समन्वय स्थापित कर सफल बचाव अभियान संचालित किया गया। इसी प्रकार भनपुरी स्थित एक टार उद्योग में बड़े टैंकों में लगी भीषण आग को एक्वस फिल्म फॉर्मिंग फोम (Aqueous Film Forming Foam) के उपयोग से लगभग छह घंटे के अथक प्रयासों के बाद नियंत्रित किया गया, जिसमें किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
संयंत्र में फायर कॉल्स की संख्या में आई उल्लेखनीय कमी इस समग्र और व्यवस्थित दृष्टिकोण का प्रत्यक्ष परिणाम है। नियमित मॉक ड्रिल, आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता और व्यापक जनजागरूकता अभियानों ने कर्मचारियों तथा नागरिकों में सुरक्षा के प्रति सकारात्मक व्यवहार विकसित किया है।
भिलाई इस्पात संयंत्र की फायर ब्रिगेड आज केवल एक विभाग नहीं, बल्कि साहस, अनुशासन और सेवा भावना का जीवंत उदाहरण बन चुकी है। यह बल हर परिस्थिति में संयंत्र और आसपास के क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए यह संदेश देता है कि अग्नि सुरक्षा केवल एक इकाई की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी की सामूहिक भागीदारी से ही एक सुरक्षित वातावरण का निर्माण संभव है।





















