

प्रविष्टि तिथि: 05 JUN 2025 5:08PM by PIB Raipur
हिदायतुल्ला राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एचएनएलयू), रायपुर ने विश्व पर्यावरण दिवस 2025 के अवसर पर अपने परिसर में फैकल्टी और गैर-शिक्षण कर्मचारियों के साथ मिलकर व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया। इस अवसर पर कुल 280 से अधिक पौधे लगाए गए, जिससे विश्वविद्यालय की पर्यावरणीय जागरूकता और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता की झलक मिली।
कार्यक्रम का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. वी.सी. विवेकानंदन द्वारा किया गया। उन्होंने बॉयज हॉस्टल के हेरॉन ब्लॉक में नीम का पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की। कुलपति ने इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण में सामूहिक भागीदारी के महत्व पर जोर दिया और विश्वविद्यालय समुदाय को हरित पहल को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।


इस वृक्षारोपण अभियान में नीम, गुलमोहर, कचनार, आंवला जैसे छायादार और औषधीय गुणों से युक्त पौधों के साथ-साथ स्थानीय पारिस्थितिकी के अनुकूल फलदार पौधे और फूलों की झाड़ियाँ भी रोपी गईं। इन पौधों को छत्तीसगढ़ सरकार के वन विभाग द्वारा उपलब्ध कराया गया।
विश्वविद्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह पहल न केवल परिसर को हराभरा बनाएगी, बल्कि छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता को भी सशक्त करेगी। एचएनएलयू ने यह संकल्प लिया कि आने वाले वर्षों में भी इस प्रकार के अभियान जारी रहेंगे और विश्वविद्यालय को हरित एवं सतत विकास का आदर्श केंद्र बनाया जाएगा








