
एयर इंडिया, स्पाइसजेट और इंडिगो ने ट्रैवल एडवाइज़री जारी कर कई क्षेत्रों की उड़ानें प्रभावित होने की जानकारी दी है.

Raipur chhattisgarh VISHESH जर्मन एयरलाइन लुफ्थांसा ने भी रॉयटर्स समाचार एजेंसी को बताया है कि वह “अगले आदेश तक पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र से गुज़रने से बच रही है.”

वहीं एयर फ्रांस एयरलाइन ने कहा कि उसने अगले आदेश तक पाकिस्तान के ऊपर से उड़ानें निलंबित कर दी हैं और वह “कुछ डेस्टिनेशन के लिए अपनी उड़ान योजनाओं में बदलाव कर रहा है.”
कतर एयरवेज़ ने पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण पाकिस्तान के लिए उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं. कतर एयरवेज़ ने एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा “एयरलाइन स्थिति पर बारीकी से नज़र रख रही है और अपने यात्रियों और क्रू की सुरक्षा को प्राथमिकता देना जारी रखेगी.”एयरलाइन ने यात्रियों को कतर एयरवेज़ की आधिकारिक वेबसाइट से प्रभावित उड़ानों पर ताज़ा जानकारी लेने की सलाह दी है.
भारत के “ऑपरेशन सिंदूर” शुरू किए जाने के बाद कई एयरलाइंस ने ट्रैवल एडवाइज़री जारी की है.
एयर इंडिया ने एक्स पर कहा , “मौजूदा स्थिति को देखते हुए, एयर इंडिया ने 7 मई को दोपहर 12 बजे तक जम्मू, श्रीनगर, लेह, जोधपुर, अमृतसर, भुज, जामनगर, चंडीगढ़ और राजकोट से आने-जाने वाली अपनी सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं.”
एयरलाइन ने आगे जानकारी दी, “अमृतसर जाने वाली दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को दिल्ली की ओर मोड़ा जा रहा है.”
स्पाइसजेट ने पोस्ट किया, “मौजूदा स्थिति के कारण, धर्मशाला, लेह, जम्मू, श्रीनगर और अमृतसर सहित उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में हवाई अड्डे अगले आदेश तक बंद किए गए हैं.”
इंडिगो ने एक्स पर कहा , “हवाई क्षेत्र की बदलती परिस्थितियों के कारण, श्रीनगर, जम्मू, अमृतसर, लेह, चंडीगढ़ और धर्मशाला से आने-जाने वाली हमारी उड़ानें प्रभावित हुई हैं.”
पाकिस्तानी अधिकारियों ने लाहौर और कराची के प्रमुख शहरों को कवर करने वाले हवाई क्षेत्र को बंद करने की घोषणा की, एयरलाइंस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक करके ही एयरपोर्ट पहुंचें.








