

Report manpreet singh
Raipur chhattisgarh VISHESH अयोध्या. उत्तर प्रदेश के अयोध्या में रामलला के मंदिर निर्माण का कार्य काफी तेजी से चल रहा है. जानकारी सामने आई है कि मंदिर में रामलला का बालस्वरूप भी स्थापित होगा. ट्रस्ट ने इसे लेकर हाल ही निर्णय लिया है. यह बालस्वरूप 5 फुट का और सफेद पत्थर से निर्मित होगा. बताया जा रहा है कि रामलला के मंदिर की अचल प्रतिमा को अयोध्या में ही कुशल कारीगर प्रकांड विद्वानों के निर्देशन में तैयार करेंगे.राम मंदिर में भगवान रामलला को जनवरी 2024 तक विराजमान कराए जाने की तैयारी ट्रस्ट ने शुरू कर दी है. गर्भगृह में भगवान की वर्तमान मूर्ति के साथ एक बड़ी मूर्ति को भी स्थापित करने की योजना है. ट्रस्ट के मुताबिक भगवान श्री रामलला के बाल रूप को सफेद मार्बल से बनाए जाने के लिए ट्रस्ट विचार कर रहा है. इस मूर्ति को राजस्थान के मकराना के कारीगर अयोध्या में ही तैयार करेंगे.राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण का कार्य चल रहा है. मंदिर चबूतरे को तैयार किए जाने के साथ ही गर्भगृह निर्माण की प्रक्रिया भी तेज हो गई है. श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मंदिर के गर्भगृह के निर्माण कार्य के लिए दिसम्बर 2023 तक का समय निर्धारित किया है. वहीं, जनवरी 2024 में भगवान श्री रामलला के चल व अचल मूर्ति को विराजमान कराए जाने की तैयारी कर रहा है. ट्रस्ट के सदस्य डॉक्टर अनिल मिश्रा के मुताबिक भगवान के सभी मंदिरों में चल व अचल मूर्ति की व्यवस्थाएं हैं. वर्तमान में यहां पर जो मूर्ति है, उसका स्वरूप छोटा है. लोग दूर से भगवान के दर्शन कर सकें इसलिए एक बड़ी मूर्ति लगाने पर विचार किया है.राम जन्म भूमि परिसर में भगवान श्री रामलला की एक बड़ी मूर्ति लगाई जाएगी. जिस पर सभी विद्वान लोग विचार करके आगे बढ़ रहे हैं. इस मूर्ति को अयोध्या में ही कारीगरों को बुलाकर बनाया जाए इसका भी विचार है. ट्रस्ट के सदस्य विश्वप्रसन्न तीर्थ के मुताबिक मंदिर के गर्भगृह में लगभग 5 फुट की मूर्ति लगाई जाएगी. उतर भारत में सफेद रंग के शिला का पूजन होता है इसलिए संगमरमर से ही रामलला की मूर्ति उचित होगी. यह रामलला का मंदिर है इसलिए उनका बाल स्वरूप होगा, जिसका चित्रांकन किया जा रहा है.









