रायपुर छत्तीसगढ विशेष : मनेन्द्रगढ़, रविवार की दोपहर झगराखांड थानांतर्गत शंकरघाट मोड़ पर पेट्रोल -डीजल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में परिचालक की मौत हो गई वहीं चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
श्री राम फ्यूल्स पेट्रोल पंप मनेंद्रगढ़ का टैंकर रायपुर डिपो से पेट्रोल और डीजल लेकर मनेंद्रगढ़ आ रहा था। रविवार की दोपहर बाद करीब 2.30 बजे रास्ते में ग्राम पंचायत भौंता के शंकरघाट अंधे मोड़ पर अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरा। इस हादसे में पुरानी बस्ती मनेंद्रगढ़ निवासी 25 वर्षीय फूल सिंह पिता राधेश्याम परिचालक की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं रीवां (मप्र) निवासी चालक 30 वर्षीय संतोष पटेल पिता महेश गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल चालक को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सीएचसी मनेंद्रगढ़ लाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल बैकुंठपुर रेफर कर दिया गया।