

Report manpreet singh
Raipur chhattisgarh VISHESH गुजरात में होने वाले विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार ताबड़तोड़ रैली कर रहे हैं. प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को खेड़ा जिले में रैली को संबोधित किया. इस दौरान पीएम मोदी ने आतंकवाद के मुद्दे पर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस आतंकवादियों को वोट बैंक के तौर पर देखती है. कांग्रेस के नेता आतंकियों के समर्थन में रोने लगते थे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि गुजरात की सरकार आतंकियों को पकड़कर कार्रवाई करती थी. लेकिन दिल्ली में पूर्व कांग्रेस की सरकार उन आतंकियों को छुड़वाने में पूरी ताकत लगा देती थी.पीएम मोदी ने कहा कि मोदी की औकात बताने की बात कर रहे हैं मैं तो ऐसे समाज में पैदा हुआ हूं. हमारी कोई औकात है. हम तो सेवा करने के लिए पैदा हुए हैं. इसके अलावा पीएम मोदी ने कहा कि डॉक्टर इंजीनियर बनना है तो मातृभाषा में पढ़ सकता है. वहीं कोरोना काल का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इतनी बड़ी बीमारी आयी लेकिन उस वक्त गरीब का चूल्हा जलना चाहिए और गरीब का बच्चा भूखा नहीं रहना चाहिए.गुजरात के 182 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में मतदान होने वाला है. 1 दिसंबर को पहला चरण का मतदान कराया जाएगा. इसके बाद 5 दिसंबर को दूसरे चरण का मतदान कराया जाएगा. वहीं 8 दिसंबर को मतगणना होगी. इस बार गुजरात में पहली बार चुनाव लड़ रही आम आदमी पार्टी ने प्रदेश के मुकाबले को त्रिकोणीय कर दिया है. हालांकि पूरे चुनाव प्रचार में भाजपा आम आदमी पार्टी की मौजूदगी को दरकिनार कर रही है.









