



Raipur chhattisgarh VISHESH // राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर द्वारा 23 नवंबर 2026 को “राष्ट्र निर्माण में शैक्षणिक संस्थानों की भूमिका” विषय पर एक विशिष्ट अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस व्याख्यान में मुख्य वक्ता के रूप में प्रो. प्रदीप रामनचरला, निदेशक, सीएसआईआर–केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान (सीबीआरआई), रुड़की उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एनआईटी रायपुर के निदेशक डॉ. एन. वी. रमना राव, कुलसचिव श्री अशोक के. गुप्ता, करियर डेवलपमेंट सेंटर (सीडीसी) के प्रमुख डॉ. समीर बाजपेयी सहित संस्थान के प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में डॉ. समीर बाजपेयी ने प्रो. रामनचरला का स्वागत करते हुए उनका परिचय एक प्रतिष्ठित शिक्षाविद्, शोधकर्ता एवं भूकंप अभियांत्रिकी के विशेषज्ञ के रूप में कराया। उन्होंने आईआईटी कानपुर एवं जापान के टोक्यो विश्वविद्यालय के साथ उनके शैक्षणिक जुड़ाव तथा भूकंपरोधी अभियांत्रिकी के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदानों पर प्रकाश डाला। साथ ही, भूकंप सुरक्षा के प्रति जागरूकता, व्याख्यानों एवं संकाय विकास कार्यक्रमों के माध्यम से उनके प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने इस विचार को भी रेखांकित किया कि शिक्षा, अनुसंधान एवं नवाचार का उद्देश्य राष्ट्र निर्माण में सार्थक योगदान देना होना चाहिए।
एनआईटी रायपुर के निदेशक डॉ. एन. वी. रमना राव ने पुष्पित पौधा एवं शॉल भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत एवं सम्मान किया। अपने संबोधन में उन्होंने प्रो. प्रदीप रामनचरला का हार्दिक अभिनंदन करते हुए मानवीय मूल्यों एवं नैतिकता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की। डॉ. राव ने विकसित भारत के संकल्प और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तथा क्वांटम प्रौद्योगिकी जैसी उभरती तकनीकों के दौर में शैक्षणिक संस्थानों की बदलती भूमिका पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए कृषि, स्वास्थ्य सेवा एवं जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों के समाधान के लिए नवाचार, समावेशिता, सतत विकास एवं सशक्तीकरण को आवश्यक बताया।
अपने व्याख्यान के दौरान अपने व्याख्यान के दौरान प्रो. रामनचरला ने सीबीआरआई के अभियांत्रिकी एवं अनुसंधान क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदानों पर प्रकाश डाला। इनमें राम मंदिर परियोजना, सूर्य तिलक पहल, आपदा प्रबंधन एवं प्रारंभिक चेतावनी प्रणालियों का उल्लेख किया। उन्होंने वसुंधरा ताल में चुनौतीपूर्ण उच्च पर्वतीय अनुसंधान कार्यों के उदाहरण साझा किए तथा किफायती आवास निर्माण में 3डी कंक्रीट प्रिंटिंग की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने अनुसंधान एवं नवाचार को व्यावहारिक सामाजिक समाधानों में परिवर्तित करने के लिए ज्ञान, सरकार, शिक्षा जगत एवं उद्योग के बीच समन्वय और सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया।
व्याख्यान का एक प्रमुख केंद्रबिंदु राष्ट्र निर्माण में मूल्यपरक शिक्षा की भूमिका रहा। प्रो. रामनचरला ने शैक्षणिक संस्थानों की तीन प्रमुख जिम्मेदारियों अनुसंधान के माध्यम से ज्ञान सृजन, शिक्षण द्वारा जिम्मेदार नागरिकों का निर्माण तथा सामाजिक सहभागिता के माध्यम से समाज की प्रगति में योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने सही समझ, आपसी विश्वास, जिम्मेदार व्यवहार एवं प्रकृति के साथ सामंजस्य के महत्व पर जोर दिया। साथ ही, उन्होंने सीखने की तीन अवस्थाओं अनुकरण, अनुसरण एवं अनुशासन की व्याख्या करते हुए इनके माध्यम से स्व-अनुशासन के विकास पर प्रकाश डाला। उन्होंने निष्कर्षतः कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, नैतिक मूल्यों एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी है, जिससे सतत एवं विकसित राष्ट्र के निर्माण में योगदान दिया जा सके।
यह विशिष्ट अतिथि व्याख्यान ज्ञान, चरित्र, नवाचार एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के विकास में शैक्षणिक संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका को समझने का एक सार्थक अवसर सिद्ध हुआ। कार्यक्रम ने इस विचार को पुनः सुदृढ़ किया कि शिक्षा, अनुसंधान एवं मूल्यपरक दृष्टिकोण के समन्वय से ही सतत एवं विकसित राष्ट्र के निर्माण का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।







