
70 संभागीय लेखा अधिकारियों ने लिया प्रशिक्षण, तकनीकी दक्षता और वित्तीय पारदर्शिता पर दिया गया जोर
विशेषज्ञों ने निर्माण कार्यों के मापन की व्यावहारिक एवं तकनीकी बारीकियों से कराया अवगत
प्रविष्टि तिथि: 18 NOV 2026 6:32PM by PIB Raipur
भारत के नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक (Comptroller and Auditor General of India – CAG) के कार्यालय की स्थापना के उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष 16 नवंबर को लेखापरीक्षा दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर 16 नवंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में राष्ट्रीय स्तर पर समारोह आयोजित किया गया। इसी क्रम में कार्यालय प्रधान महालेखाकार, छत्तीसगढ़, रायपुर द्वारा 17 नवंबर से 1 दिसंबर 2026 तक लेखापरीक्षा पखवाड़ा-2026 का आयोजन किया जा रहा है।

पखवाड़े के दूसरे दिन 18 नवंबर को क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जल संसाधन विभाग (Water Resources Department – WRD) एवं लोक निर्माण विभाग (Public Works Department – PWD) के कार्यों में मापन की विधियों पर विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जल संसाधन विभाग के प्रशिक्षण केंद्र, पंडित विद्याचरण शुक्ल चौक, रायपुर स्थित सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य संभागीय लेखा अधिकारी संवर्ग के अधिकारियों को दोनों विभागों के निर्माण एवं विकास कार्यों में अपनाई जाने वाली मापन प्रक्रियाओं की व्यावहारिक और तकनीकी जानकारी प्रदान करना था।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में लोक निर्माण विभाग के सेवानिवृत्त कार्यपालन अभियंता श्री पी. के. गुप्ता तथा जल संसाधन विभाग के सेवानिवृत्त अनुविभागीय अधिकारी श्री किशोर शर्मा उपस्थित रहे। दोनों विशेषज्ञों ने अपने विभागीय अनुभव और तकनीकी दक्षता के आधार पर विभिन्न निर्माण कार्यों में मापन की प्रक्रियाओं, उनके महत्व तथा व्यावहारिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को मापन संबंधी तकनीकी बारीकियों से अवगत कराते हुए विभागीय कार्यों के मूल्यांकन में सटीकता और सावधानी के महत्व को रेखांकित किया।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तकनीकी समझ और कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ विभागीय कार्यों के प्रभावी लेखांकन, बेहतर वित्तीय प्रबंधन और पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में संभागीय लेखा अधिकारी संवर्ग के कुल 70 अधिकारियों ने सहभागिता की। पखवाड़े के अंतर्गत 18 नवंबर को रंगोली कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया।
उल्लेखनीय है कि लेखापरीक्षा पखवाड़ा-2026 के दौरान 1 दिसंबर तक विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों, कार्यशालाओं, संवाद सत्रों और अन्य गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन आयोजनों का उद्देश्य लेखांकन एवं लेखापरीक्षा की गुणवत्ता में सुधार, सार्वजनिक संसाधनों के प्रभावी उपयोग, वित्तीय प्रबंधन में पारदर्शिता तथा प्रशासनिक जवाबदेही को और अधिक सुदृढ़ करना है







