

106 टीमों के बीच एआई आधारित नवाचार श्रेणी में हासिल किया दूसरा स्थान; दूसरी टीम को तीसरा स्थान
आईआईआईटी नया रायपुर में आयोजित ‘मेक इन सिलिकॉन-2026’ में देशभर के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों की टीमों ने लिया हिस्सा
प्रविष्टि तिथि: 16 NOV 2026 5:56PM by PIB Raipur
भिलाई इस्पात संयंत्र के एटीएल-बीएसपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-10 के विद्यार्थियों ने अंतरराष्ट्रीय तकनीकी प्रतियोगिता ‘मेक इन सिलिकॉन-2026’ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो पुरस्कार हासिल किए हैं। विद्यार्थियों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस), तकनीकी नवाचार और रचनात्मक सोच के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर विद्यालय एवं भिलाई का गौरव बढ़ाया।


भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी), नया रायपुर में 13 से 15 नवंबर 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों की टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), रुड़की के प्रोफेसरों द्वारा किया गया।

प्रतियोगिता की ‘स्मार्ट इनोवेशन इन एआई एम्बेडेड प्लेटफॉर्म’ श्रेणी में विद्यालय की टीम ने 106 प्रतिभागी टीमों के बीच दूसरा स्थान प्राप्त किया। इस टीम में पी. मयंक, शुभम प्रजापति और श्रेयस शामिल थे। टीम को 5,500 रुपये की पुरस्कार राशि और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं, ‘एआई इन सर्किट सिस्टम’ श्रेणी में विद्यालय की दूसरी टीम ने 70 प्रतिभागी टीमों के बीच तीसरा स्थान हासिल किया। इस टीम में अभिजय चौधरी, अलौकिक और अमीन खान शामिल थे। टीम को 3,000 रुपये की पुरस्कार राशि एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

विद्यार्थियों की यह सफलता विद्यालय में संचालित अटल टिंकरिंग लैब (एटीएल) के माध्यम से विकसित की जा रही वैज्ञानिक अभिरुचि, नवाचार क्षमता और तकनीकी दक्षता का प्रमाण है। इस प्रयोगशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने विचारों को व्यावहारिक स्वरूप देने, नए प्रयोग करने और उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में अपनी क्षमताओं को निखारने का अवसर मिल रहा है।
प्रतियोगिता में दो पुरस्कार हासिल करना विद्यार्थियों की तकनीकी दक्षता, रचनात्मक सोच और निरंतर प्रयासों को दर्शाता है। इस उपलब्धि से भिलाई इस्पात संयंत्र, विद्यालय प्रबंधन और समूचा विद्यालय परिवार गौरवान्वित है।








