

Raipur chhattisgarh VISHESH /// राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर 14 एवं 15 नवंबर 2026 को नासा स्पेस ऐप्स चैलेंज 2026 का आयोजन करेगा। नासा स्पेस ऐप्स ग्लोबल ऑर्गेनाइजिंग टीम ने वर्ष 2025 के सफल आयोजन के पश्चात लगातार दूसरे वर्ष संस्थान को रायपुर के लिए आधिकारिक लोकल लीड नियुक्त किया है। इसमें भागीदारी निःशुल्क है तथा यह सभी के लिए खुली है स्कूली एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थी, शोधकर्ता, इंजीनियर, डेवलपर, डिज़ाइनर, उद्यमी एवं किसी भी विषय से जुड़े नवप्रवर्तक इसमें भाग ले सकते हैं। कार्यक्रम का आयोजन सेंटर ऑफ स्पेस एंड इंटरप्लेनेटरी एक्सप्लोरेशन (कोसाइन) एवं इनोवेशन सेल द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है।
नासा स्पेस ऐप्स चैलेंज विश्व का सबसे बड़ा वार्षिक वैश्विक हैकथॉन है, इस वर्ष इस कार्यक्रम के लिए देश भर से 400 से अधिक पंजीकरण एन आई टी रायपुर को लोकल लीड के रूप में प्राप्त हो चुके हैं। इसमें प्रतिभागी ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों ही तरीकों से भाग लेकर नासा एवं उसकी साझेदार अंतरिक्ष एजेंसियों (इसरो सहित) द्वारा उपलब्ध कराए गए निःशुल्क ओपन-सोर्स डाटा का उपयोग कर पृथ्वी एवं अंतरिक्ष से जुड़ी वास्तविक चुनौतियों के समाधान विकसित करते हैं। वर्ष 2026 के संस्करण में पृथ्वी विज्ञान, जलवायु कार्रवाई, ग्रहीय सुरक्षा, अंतरिक्ष अन्वेषण, खगोल भौतिकी, डाटा विज़ुअलाइज़ेशन तथा उभरती प्रौद्योगिकियों जैसे क्षेत्र शामिल हैं। यह प्रारूप अंतर्विषयक सहयोग को प्रोत्साहित करता है तथा स्थानीय स्तर पर चयनित प्रोजेक्ट वैश्विक मूल्यांकन चरण में पहुँचते हैं, जहाँ वे नासा स्पेस ऐप्स ग्लोबल अवार्ड्स के लिए प्रतिस्पर्धा करते हैं।

आधिकारिक लोकल लीड के रूप में एनआईटी रायपुर मध्य भारत में नवाचार एवं वैज्ञानिक सहयोग का क्षेत्रीय केंद्र बनेगा। इस पहल के माध्यम से संस्थान का उद्देश्य युवा नवप्रवर्तकों को वैश्विक अवसरों से जोड़ना, वैज्ञानिक दृष्टिकोण को प्रोत्साहित करना तथा विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं अंतरिक्ष नवाचार के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की वैश्विक पहचान को सशक्त बनाना है।
पंजीयन लिंक : https://www.spaceappschallenge.org/2026/local-events/raipur/








