





स्पेन में भारतीय उद्यमियों के लिए व्यापारिक संभावनाओं, युवाओं के लिए रोजगार तथा दक्षिण अमेरिकी देशों के साथ आर्थिक सहयोग के नए अवसरों पर दिया जोर
Raipur chhattisgarh VISHESH / मैड्रिड, 05 नवंबर 2026।

केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू जी ने स्पेन की आधिकारिक यात्रा के दौरान मैड्रिड स्थित भारतीय दूतावास का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने दूतावास के पुस्तकालय का संक्षिप्त अवलोकन किया तथा स्पेन में निवासरत विशाल भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों से आत्मीय मुलाकात कर विभिन्न विषयों पर संवाद किया।
इस संवाद के दौरान भारत और स्पेन के बीच व्यापार, वाणिज्य, निवेश, रोजगार, उद्यमिता, बैंकिंग एवं सांस्कृतिक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ बनाने की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
श्री साहू ने यूरोप, विशेषकर स्पेन में भारतीय कंपनियों के लिए उपलब्ध व्यापक व्यापारिक एवं वाणिज्यिक अवसरों को रेखांकित किया। उन्होंने भारत के लघु एवं छोटे उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में उपलब्ध संभावनाओं से जोड़ने तथा उन्हें स्पेन और यूरोप में व्यापार विस्तार के लिए प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने स्पेनिश कंपनियों में भारतीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तलाशने तथा दोनों देशों के बीच व्यावसायिक सहयोग को बढ़ावा देने पर भी विचार साझा किए।
उन्होंने कहा कि स्पेन की भौगोलिक स्थिति और स्पेनिश भाषा का व्यापक वैश्विक प्रभाव इसे दक्षिण अमेरिकी देशों के साथ व्यापार एवं आर्थिक सहयोग बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार बनाता है। भारतीय उद्यमी इस भाषाई एवं व्यावसायिक संपर्क का लाभ उठाकर दक्षिण अमेरिकी बाजारों में भी अपनी उपस्थिति बढ़ा सकते हैं।
संवाद के दौरान नए व्यापारियों एवं उद्यमियों को व्यापारिक प्रक्रियाओं, वित्तीय प्रबंधन और बैंकिंग व्यवस्था की बेहतर जानकारी उपलब्ध कराने के लिए व्यापार एवं बैंकिंग शिक्षा को प्रोत्साहित करने का विषय भी प्रमुखता से उठा। नए उद्यमियों और व्यापारियों की सुविधा के लिए बैंकिंग प्रक्रियाओं को सरल, सहज एवं सुलभ बनाने की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई।
इसके साथ ही विदेशों में हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार, भारतीय भाषाई विरासत और सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया गया।
श्री तोखन साहू जी ने प्रवासी भारतीय समुदाय को भारत की आर्थिक प्रगति, उद्यमशीलता, सांस्कृतिक विरासत और वैश्विक पहचान का महत्वपूर्ण सेतु बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर नए आर्थिक एवं व्यावसायिक अवसरों की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ऐसे में विदेशों में रह रहे भारतीय समुदाय की प्रतिभा, अनुभव और उद्यमशीलता को भारत की विकास यात्रा से जोड़ना विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।








