

जशपुर जिला प्रशासन और एडु रोबोवर्स के बीच गैर-वित्तीय सहयोग के लिए हुआ एमओयू
तीन स्कूलों के कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को मिलेगा एक वर्ष का व्यावहारिक प्रशिक्षण

रायपुर, 28 अक्टूबर 2026
जशपुर जिले के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने जिला प्रशासन ने पहल की है। जिला प्रशासन जशपुर और एडु रोबोवर्स के बीच गैर-वित्तीय सहयोग के आधार पर समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया गया है।
एमओयू के तहत जिले के तीन सरकारी स्कूलों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को एक वर्ष तक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), कोडिंग, रोबोटिक्स और मशीन लर्निंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
तकनीक के व्यावहारिक उपयोग के साथ सीखेंगे नवाचार
विद्यार्थी किताबी ज्ञान के साथ तकनीक का व्यावहारिक उपयोग भी सीखेंगे। प्रशिक्षण के दौरान वे इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी) की मदद से सेंसर, मोटर और विभिन्न उपकरणों को जोड़कर स्मार्ट सिस्टम तैयार करना जानेंगे। वे कृषि, जल संरक्षण, वन, पर्यावरण और ऊर्जा जैसे स्थानीय विषयों पर आधारित वास्तविक प्रोजेक्ट भी बनाएंगे।
हर स्कूल में नियुक्त होगा विशेष ट्रेनर
कार्यक्रम के संचालन के लिए एडु रोबोवर्स की ओर से प्रत्येक स्कूल में एक विशेष ट्रेनर नियुक्त किया जाएगा। ट्रेनर सप्ताह में दो दिन विद्यार्थियों की कक्षाएं लेंगे और विद्यालय के शिक्षकों को भी आवश्यक प्रशिक्षण देंगे। इससे स्कूलों में आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक विद्यार्थी का ‘स्टूडेंट टेक्नोलॉजी पासपोर्ट’ तैयार किया जाएगा। इसमें विद्यार्थी के कौशल, मूल्यांकन और बनाए गए प्रोजेक्ट्स का रिकॉर्ड रखा जाएगा। कार्यक्रम की मासिक प्रगति रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपी जाएगी। प्रशिक्षण के अंत में विद्यार्थी अपने प्रोजेक्ट्स का प्रदर्शन भी करेंगे।
स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए होंगे प्रेरित
कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने कहा कि आज का दौर तकनीक का है। आने वाले समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक्स जैसे कौशल हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण होंगे। जशपुर के बच्चे प्रतिभाशाली हैं। उन्हें सही अवसर और मार्गदर्शन मिले तो वे किसी से पीछे नहीं रहेंगे।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर, उन्हें स्वयं करके सीखने और अपने आसपास की समस्याओं के समाधान खोजने के लिए प्रेरित करना है।
इस पहल से जशपुर के ग्रामीण और आदिवासी अंचलों के विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीक सीखने और अपनी रचनात्मक क्षमता विकसित करने का अवसर मिलेगा। इससे उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने में भी मदद मिलेगी।इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार, एडु रोबोवर्स के सीईओ श्री विशाल श्रीवास्तव और डायरेक्टर श्री आनंद विक्रम सिंह उपस्थित रहे








