

प्रविष्टि तिथि: 28 OCT 2026 3:23PM
भारतीय वायु सेना के सारंग हेलीकॉप्टर प्रदर्शन दल के सदस्यों ने छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 में अपनी भागीदारी से पूर्व रायपुर में छत्तीसगढ़ के माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से शिष्टाचार भेंट की।

इस अवसर पर दल ने अपनी गौरवपूर्ण यात्रा, उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में भारतीय वायु सेना की व्यावसायिक दक्षता को प्रदर्शित करने की अपनी भूमिका के बारे में जानकारी साझा की। बातचीत में राष्ट्रीय सुरक्षा, मानवीय सहायता और आपदा राहत में भारतीय वायु सेना के योगदान का भी उल्लेख हुआ।

राज्योत्सव में सारंग की भागीदारी छत्तीसगढ़ के लोगों, विशेषकर विद्यार्थियों और विमानन में रुचि रखने वाले युवाओं को भारतीय वायु सेना के सटीक उड़ान कौशल और उत्कृष्ट टीम भावना से परिचित होने तथा भारत की स्वदेशी विमानन प्रौद्योगिकी की क्षमताओं को देखने का अवसर प्रदान करेगी।
स्वदेश में विकसित उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर (एएलएच) ‘ध्रुव’ उड़ाने वाला सारंग दल अपने तालमेलपूर्ण उड़ान विन्यास, सटीक उड़ान कौशल और रोमांचक हवाई करतबों के लिए प्रसिद्ध है। अपने ध्येय वाक्य “Inspire Through Excellence” अर्थात “उत्कृष्टता से प्रेरणा” के अनुरूप, दल युवाओं में विमानन के प्रति रुचि जगाने और उन्हें सशस्त्र बलों में करियर बनाने के लिए प्रेरित करने का प्रयास करता है।
सारंग की भागीदारी राज्य के स्थापना दिवस समारोह में एक विशिष्ट हवाई आकर्षण जोड़ेगी और भारतीय वायु सेना तथा छत्तीसगढ़ की जनता के बीच आत्मीय संबंधों को और सुदृढ़ करेगी








