

25 महाविद्यालयों की भागीदारी; खेल, साहित्य, संस्कृति और युवा कूटनीति की 56 प्रतियोगिताओं में प्रतिभाओं ने दिखाया दमखम, 1,270 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया भाग
प्रविष्टि तिथि: 26 OCT 2026 5:11PM
हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एचएनएलयू), रायपुर में आयोजित तीन दिवसीय COLOSSUS–अंतरराष्ट्रीय मॉडल संयुक्त राष्ट्र एवं युवा संसद (आईएमयूएनवाईपी) 2026 का रविवार को भव्य समापन हुआ। 23 से 25 अक्टूबर तक आयोजित इस आयोजन में देशभर के विद्यार्थियों ने खेल, साहित्य, सांस्कृतिक गतिविधियों, वाद-विवाद और युवा कूटनीति से जुड़ी प्रतियोगिताओं में भाग लिया। COLOSSUS के 11वें संस्करण में 25 महाविद्यालयों के लगभग 1,000 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया, जबकि आईएमयूएनवाईपी के नौवें संस्करण में 270 से अधिक प्रतिनिधि शामिल हुए।


समापन समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी एवं ओलंपिक पदक विजेता शमशेर सिंह विशिष्ट अतिथि थे। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वी.सी. विवेकानंदन, वास्तुकार एवं उद्यमी तथा क्रेडाई छत्तीसगढ़ की प्रदेश अध्यक्ष संजना बाघेर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी समारोह में शामिल हुए।

मुख्य अतिथि वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने रायगढ़ जिले के एक गांव से लोकसेवा तक की अपनी यात्रा का उल्लेख करते हुए दृढ़ संकल्प, आत्मविश्वास और सकारात्मक दृष्टिकोण के महत्त्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति अपनी यात्रा का आनंद लेना सीख जाता है, तो लक्ष्य हासिल करने का मार्ग आसान हो जाता है। उन्होंने नवा रायपुर को शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने तथा राज्य के शैक्षणिक संस्थानों को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर भी विचार रखे। क्रेडाई छत्तीसगढ़ की प्रदेश अध्यक्ष संजना बाघेर ने कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को व्यापक आकार देती हैं और उनका महत्त्व केवल शैक्षणिक अंकों तक सीमित नहीं है।

समारोह की शुरुआत विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलसचिव प्रो. (डॉ.) दीपक कुमार श्रीवास्तव के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में प्रतिभागियों, आयोजन समिति, स्वयंसेवकों और सहयोगी कर्मचारियों के योगदान की सराहना की। आईएमयूएनवाईपी के महासचिव राहुल राव पवार ने आयोजन का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद, विधानसभा, लोकसभा, अंतरराष्ट्रीय विधि आयोग और अंतरराष्ट्रीय प्रेस सहित पांच समितियों में प्रतिनिधियों ने शोध, तर्क-वितर्क और कूटनीतिक कौशल का प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि समितियों में संवाद और आम सहमति बनाने की प्रक्रिया ने संसदीय वाद-विवाद की परंपराओं को प्रभावी ढंग से सामने रखा।
ओलंपिक पदक विजेता शमशेर सिंह ने पंजाब से भारतीय हॉकी टीम तक के अपने सफर के अनुभव साझा किए। उन्होंने दृढ़ता, जुनून और असफलताओं से सीखने को सफलता के लिए आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि खेलों में भाग लेना अपने आप में उपलब्धि है, क्योंकि इससे व्यक्ति अपने सहज दायरे से बाहर निकलकर नई चुनौतियों का सामना करना सीखता है। उन्होंने विद्यार्थियों को खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेने तथा अपने लक्ष्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहने के लिए प्रेरित किया।
COLOSSUS 2026 के विद्यार्थी संयोजक तनीष्क तिवारी ने बताया कि महोत्सव के दौरान कुल 56 प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें 39 खेल, 10 साहित्यिक और सात सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं शामिल थीं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं में मिली उपलब्धियों के साथ-साथ टीमवर्क, आपसी सहयोग और खेल भावना इस आयोजन की प्रमुख उपलब्धियां रहीं।
कुलपति प्रो. वी.सी. विवकानंदन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अनुशासन, धैर्य, निष्पक्षता और रचनात्मक संवाद के महत्त्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जीत विनम्रता सिखाए, हार विवेक बढ़ाए और असहमति को विरोध के बजाय विचारों को बेहतर बनाने का अवसर समझा जाए। उन्होंने विद्यार्थियों से आयोजन के दौरान विकसित खेल भावना, सांस्कृतिक सृजनशीलता और लोकतांत्रिक संवाद के मूल्यों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
पुरस्कार वितरण समारोह में खेल प्रतियोगिताओं में विश्वविद्यालयों के प्रदर्शन को सम्मानित किया गया। एचएनएलयू ने फुटसल, शतरंज, महिला एकल टेबल टेनिस, पुरुष एकल टेबल टेनिस, टेबल टेनिस युगल और महिला वॉलीबॉल सहित छह प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान हासिल किया। विश्वविद्यालय फुटबॉल प्रतियोगिता में उपविजेता रहा। कलिंगा विश्वविद्यालय ने क्रिकेट, फुटबॉल, महिला बास्केटबॉल और महिला कबड्डी के खिताब जीते, जबकि दामोदरम संजीवय्या राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (डीएसएनएलयू) ने पुरुष वॉलीबॉल, महिला बैडमिंटन और महिला थ्रोबॉल प्रतियोगिताओं में जीत दर्ज की।
साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में सृष्टि तिवारी ने गायन और स्टैंड-अप कॉमेडी में प्रथम स्थान प्राप्त किया। सोमेश ने एकल नृत्य प्रतियोगिता जीती, जबकि टीम ऑफ कैंपस ने बैटल ऑफ बैंड्स प्रतियोगिता में जीत हासिल की।
आईएमयूएनवाईपी 2026 में संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद की श्रेणी में पाकिस्तान, विधानसभा में ओमेश पटेल, लोकसभा में नरेंद्र मोदी और अंतरराष्ट्रीय विधि आयोग में यूनाइटेड किंगडम का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रतिभागियों को सर्वश्रेष्ठ प्रतिनिधि का पुरस्कार प्रदान किया गया। धन्या बसंतवानी को सर्वश्रेष्ठ फोटोग्राफर तथा अल जज़ीरा को अंतरराष्ट्रीय प्रेस श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ रिपोर्टर का पुरस्कार मिला।
आयोजन के दौरान कुल 2.18 लाख रुपये से अधिक की नकद पुरस्कार राशि के साथ कप और ट्रॉफियां प्रदान की गईं। समारोह के अंत में आयोजन के सलाहकार मंडल की सदस्य एवं छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. अविनाश सामल ने धन्यवाद ज्ञापन किया। COLOSSUS–आईएमयूएनवाईपी 2026 ने खेल, संस्कृति, बौद्धिक विमर्श और युवा कूटनीति को साझा मंच प्रदान करते हुए विद्यार्थियों में नेतृत्व, सहयोग, सृजनशीलता और लोकतांत्रिक संवाद की भावना को प्रोत्साहित किया।








