

क्रय प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता से भ्रष्टाचार पर लगेगी लगाम: ए. के. चक्रवर्ती
प्रविष्टि तिथि: 26 OCT 2026 6:19PM
भिलाई इस्पात संयंत्र में सोमवार को ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026’ का शुभारंभ हुआ। केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) के निर्देशानुसार 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित इस सप्ताह की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ है। मानव संसाधन–ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) श्री ए. के. चक्रवर्ती ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

श्री चक्रवर्ती ने अपने संबोधन में कहा कि विकसित राष्ट्र के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक विकास के साथ भ्रष्टाचार के विरुद्ध सामूहिक प्रयास भी आवश्यक हैं। उन्होंने क्रय प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, निविदाओं में निष्पक्षता और निर्धारित नियमों के पालन को सुशासन का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों और सरकारी ई-मार्केटप्लेस (जेम) के उपयोग से खरीद प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बन रही है। इससे पात्र प्रतिभागियों को समान अवसर मिलते हैं और अनियमितताओं की आशंका कम होती है।

उन्होंने भ्रष्टाचार को देश की प्रगति में बाधक बताते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों से ईमानदारी, नैतिक मूल्यों तथा जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सतर्कता केवल सतर्कता विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि संगठन के प्रत्येक सदस्य का सामूहिक दायित्व है। कार्यक्षेत्र में पारदर्शी और निष्पक्ष कार्यसंस्कृति विकसित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए उन्होंने संयंत्र के सतर्कता विभाग द्वारा निवारक सतर्कता (प्रिवेंटिव विजिलेंस) की संस्कृति को मजबूत करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक (सतर्कता) एवं सहायक मुख्य सतर्कता अधिकारी (एसीवीओ) श्री सुनील सिंगल ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती 31 अक्टूबर के उपलक्ष्य में आयोजित सतर्कता जागरूकता सप्ताह का उद्देश्य भ्रष्टाचार के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और सत्यनिष्ठा को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने संगठन में नैतिक मूल्यों पर आधारित कार्यसंस्कृति विकसित करने के लिए प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताया।
इस अवसर पर कक्षा 10वीं की छात्रा कुमारी रोहिणी कुंभकार, एसएसएस-10, तथा कक्षा 12वीं की छात्रा कुमारी संजना साव, भिलाई विद्यालय, सेक्टर-2 ने ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने सत्यनिष्ठा की शपथ लेकर ईमानदारी एवं नैतिक आचरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम में कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) श्री प्रवीण निगम, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार, कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) श्री राकेश कुमार, कार्यपालक निदेशक (खदान) श्री कमल भास्कर, कार्यपालक निदेशक (रावघाट) श्री अरुण कुमार सहित मुख्य महाप्रबंधक, महाप्रबंधक, वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन उप महाप्रबंधक (सतर्कता) श्री अंशुमन सिंह ने किया तथा महाप्रबंधक (सतर्कता) श्री संदीप गुप्ता ने आभार व्यक्त किया।








