

शदाणी दरबार तीर्थ की पंचम पीठाधीश, त्याग, तपस्या और सेवा की मूरत पूज्य माता साहिब हासी देवी जी की 200वीं जन्म जयंती का अवसर आज छत्तीसगढ़ और देश के लिए एक ऐतिहासिक व गौरवशाली अध्याय बनने जा रहा है। केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू जी की विशेष पहल और निरंतर सक्रिय प्रयासों के परिणामस्वरूप आज राजधानी रायपुर के लोक भवन में आयोजित भव्य समारोह में देश की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु माता साहिब हासी देवी के सम्मान में 200 रुपए का विशेष स्मारक सिक्का आज जारी करेंगी।
तोखन साहू की अनथक पहल से संतों की विरासत को मिल रहा राष्ट्रीय सम्मान
माता साहिब हासी देवी जी का अवतरण वर्ष 1826 में सिंध की धरा पर हुआ था और उन्होंने वर्ष 1852 में शदाणी दरबार की पंचम गद्दी संभालकर समाज को भक्ति, सदाचार, और लोककल्याण का मार्ग दिखाया था। इस महान आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय पटल पर चिरस्थायी और प्रतिष्ठित कराने के लिए केंद्रीय मंत्री श्री तोखन साहू जी ने केंद्र सरकार के स्तर पर विशेष रुचि लेते हुए तमाम प्रशासनिक और जरूरी प्रयास किए थे, जिसके परिणामस्वरूप आज केंद्र सरकार इस पावन अवसर पर यह राष्ट्रीय सौगात दे रही है।
गरिमामयी उपस्थिति
आज होने वाले इस भव्य विमोचन समारोह में शदाणी दरबार तीर्थ के नवम पीठाधीश संत डॉ. युधिष्ठिर लाल महाराज विशेष रूप से सम्मिलित हो रहे हैं, जिनके सान्निध्य में यह आयोजन संपन्न हो रहा है।
केंद्रीय मंत्री तोखन साहू के इस दूरदर्शी और सराहनीय प्रयास से शदाणी दरबार के अनुयायियों, सिंधी समाज और पूरे छत्तीसगढ़ में हर्षोल्लास का माहौल है।









