







बिलासपुर, छत्तीसगढ़। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू बिलासपुर में आयोजित विभिन्न खेल आयोजनों में सम्मिलित हुए। इस दौरान उन्होंने स्व. बी.आर. यादव राज्य खेल प्रशिक्षण संस्थान, बहतराई में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में सहभागिता की। साथ ही सरकंडा स्थित खेल परिसर में छत्तीसगढ़ प्रदेश जूडो संघ द्वारा आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय सब जूनियर एवं कैडेट जूडो चैम्पियनशिप-2026 के समापन समारोह में भी सम्मिलित हुए।
इन आयोजनों के दौरान मंत्री श्री साहू ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और खेल भावना की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।

श्री तोखन साहू ने कहा कि खेल केवल शारीरिक दक्षता का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य, नेतृत्व क्षमता और दृढ़ संकल्प जैसे महत्वपूर्ण गुणों का विकास भी करते हैं। खेल प्रतियोगिताएँ युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करती हैं और उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहित करती हैं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि छत्तीसगढ़ के युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, निरंतर अभ्यास और समर्पण के बल पर राज्य एवं देश का गौरव बढ़ाएँगे। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने तथा खेल के क्षेत्र में नई उपलब्धियाँ हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
मंत्री श्री साहू ने कहा कि युवा प्रतिभाओं को उचित अवसर, प्रोत्साहन और मार्गदर्शन उपलब्ध कराना आवश्यक है, ताकि वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित कर सकें।





















