






साहू समाज की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर केंद्रीय राज्यमंत्री मंत्री ने कहा कि— ‘संत शिरोमणि भक्त माता कर्मा जी का डाक टिकट संपूर्ण समाज के त्याग, निष्ठा और समर्पण का राष्ट्रीय सम्मान है
केन्द्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष स्व. केशरबाई क्षीरसागर ‘केशर काकू’ को पुष्पांजलि अर्पित कर दी भावभीनी श्रद्धांजलि; योगदान को किया याद

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तथा भारतीय राजनीति के प्रमुख व प्रभावशाली नेता श्री तोखन साहू महाराष्ट्र के बीड में आयोजित अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक एवं सामान्य सभा में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। इस भव्य राष्ट्रीय अधिवेशन में देश के कोने-कोने से पधारे राष्ट्रीय पदाधिकारियों, वरिष्ठ समाजजनों, जनप्रतिनिधियों और हजारों प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
सम्मेलन स्थल पर पहुंचने पर राष्ट्रीय व प्रांतीय पदाधिकारियों एवं जनसमुदाय ने केंद्रीय राज्यमंत्री मंत्री श्री तोखन साहू का अभूतपूर्व और भव्य स्वागत किया।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति एवं सामान्य सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने समाज की आराध्य संत शिरोमणि भक्त माता कर्मा जी के स्मारक डाक टिकट का उल्लेख करते हुए समाजजनों में नया उत्साह भरा। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “संत शिरोमणि भक्त माता कर्मा जी केवल हमारे समाज की ही नहीं, बल्कि संपूर्ण राष्ट्र की भक्ति, शक्ति और त्याग की प्रतीक हैं। साहू समाज की वर्षों पुरानी यह बहुप्रतीक्षित मांग थी कि माता कर्मा जी के नाम पर स्मारक डाक टिकट जारी हो। मुझे अत्यंत गर्व और संतोष है कि केंद्र सरकार के माध्यम से इस पावन कार्य को पूर्ण करवाने में मुझे माध्यम बनने का सौभाग्य मिला। भक्त माता कर्मा जी के नाम पर डाक टिकट जारी होना केवल एक औपचारिक निर्णय नहीं है, बल्कि यह देश स्तर पर हमारे पूरे समाज की निष्ठा, देशभक्ति और श्रम का ऐतिहासिक सम्मान है।”
अपनी दूरदर्शी सोच को रेखांकित करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री साहू ने आगे कहा कि तैलिक समाज अपनी अटूट निष्ठा, कठोर परिश्रम और प्रामाणिकता के बल पर देश निर्माण में सदैव अग्रणी भूमिका निभाता आया है। आज आवश्यकता इस बात की है कि हम समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाएं। हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता नई पीढ़ी को उच्च शिक्षा, तकनीकी कौशल और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं से जोड़ना होनी चाहिए। जब समाज का युवा शिक्षित और सक्षम होगा, तभी हमारा समाज राष्ट्र निर्माण में और अधिक प्रभावी योगदान दे सकेगा। इस प्रकार के राष्ट्रीय अधिवेशन परस्पर संवाद, समरसता और सामाजिक एकजुटता की शक्ति को कई गुना बढ़ाते हैं।”
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू काकू स्मृति स्थल पहुंचे। वहाँ उन्होंने महाराष्ट्र की पूर्व विधायक तथा अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय केशरबाई क्षीरसागर ‘केशर काकू’ के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
श्री साहू ने केशर काकू को समाज की मजबूत नींव बताते हुए कहा कि देशभर की इकाइयों को एक मंच पर लाने तथा महिलाओं को सामाजिक व राजनीतिक क्षेत्र में नेतृत्व प्रदान करने का जो कार्य उन्होंने किया, वह वर्तमान और भावी पीढ़ी के लिए सदैव अनुकरणीय रहेगा।
अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा की सामान्य सभा के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने देश भर से पधारे शीर्ष नेताओं एवं प्रबुद्ध समाजजनों के साथ गहन विचार-विमर्श किया। अधिवेशन में समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने, महिला सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करने तथा युवाओं को देश के आर्थिक व सामाजिक विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर ठोस रणनीति बनाकर एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।





















