

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भारत के आठ हाई कोर्ट के लिए चीफ़ जस्टिस की नियुक्ति की है. जस्टिस वल्लूरी कामेश्वर राव को पटना जबकि जस्टिस महेश चंद्र त्रिपाठी को बॉम्बे हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है.
नियुक्तियां की जानकारी देते शनिवार देर रात क़ानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने एक्स पर शेयर किया

किन हाई कोर्ट के लिए हुए नियुक्ति
दिल्ली हाई कोर्ट के मौजूदा जज जस्टिस वल्लूरी कामेश्वर राव को पटना हाई कोर्ट का चीफ़ जस्टिस नियुक्त किया गया है. इलाहाबाद हाई कोर्ट के जस्टिस महेश चंद्र त्रिपाठी को बॉम्बे हाई कोर्ट का चीफ़ जस्टिस नियुक्त किया गया है. बॉम्बे हाई कोर्ट के जस्टिस रविंद्र वी. घुगे कलकत्ता हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बनाए गए हैं.
जबकि छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल अब राजस्थान हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश होंगे. जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा को पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट का चीफ़ जस्टिस नियुक्त किया गया है, वे इसी हाई कोर्ट में जज थे.शनिवार को हुई नियुक्तियों में ओडिशा हाई कोर्ट के जस्टिस कृष्ण राम महापात्र को छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाया गया है.
गुजरात हाई कोर्ट के जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे को मध्य प्रदेश हाई कोर्ट का चीफ़ जस्टिस बनाया गया है. वहीं राजस्थान हाई कोर्ट के जस्टिस पुष्पेंद्र सिंह भाटी को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है.





















