







स्वस्थ्य और दीर्घायु होने की कामना कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त ने रिटायर्ड हुए अधिकारी-कर्मचारी का किया सम्मान, दी विदाई
हाथ में पीपीओ लिए रिटायर्ड अधिकारियों-कर्मचारियों के चेहरे में दिखी मुस्कुराहट, दिया मुख्यमंत्री को धन्यवाद

Raipur chhattisgarh VISHESH / रायपुर 31 अगस्त 2026/ आप सभी सदैव स्वस्थ्य रहें, दीर्घायु हों, अपने जीवन के द्वितीय पाली का आनंद लें। आपने जीवन भर शासकीय सेवा करते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया है। इसके लिए आप सभी बधाई के पात्र हैं। कलेक्टर डॉ गौरव सिंह ने यह कहते हुए जिले के विभिन्न विभागों से 49 सेवानिवृत्त हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों का “प्रोजेक्ट वंदन” के तहत सम्मान किया। साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने हाथों में पेंशन पेमेन्ट ऑर्डर (पीपीओ), जीपीओ सहित सभी सत्वों की राशि लेकर विदा हुए, उनके चेहरे में मुस्कुराहट थी और संतुष्टि का भाव भी था। वे सभी मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार प्रकट करते हुए कह रहे थे कि उन्हें बड़ी आसानी सेे बिना किसी दफ्तर के चक्कर काटे रिटायरमेंट के अंतिम दिन पेंशन का आर्डर हाथों में ही मिल गया और सभी सत्वों की राशि भी मिल गई। अब वे बड़े उत्साह के साथ जीवन का आनंद लेेंगे।
कलेक्टर डॉ गौरव सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रोजेक्ट वंदन के तहत जिला प्रशासन द्वारा रिटारमेंट होने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सभी सत्वों का निराकरण रिटायरमेंट के दिन ही किया जाता है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा “प्रोजेक्ट सेकेण्ड इनिंग” चल रहा है। इसके तहत रिटारमेंट होने वाले अधिकारी एवं कर्मचारी से आग्रह किया जाता हैै कि वे अपना कुछ समय स्कूलों में व्यतीत करें। इससे वे स्वस्थ्य रहेंगे और उनके अनुभव का लाभ बच्चों को भी मिलता है। कलेक्टर डॉ सिंह ने कहा कि वर्तमान में 29 सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारी शासकीय स्कूलों में निःशुल्क सेवाएं दे रहे हैं। यह सारे लोग समय पर स्कूलों में पहुंचते हैं और बच्चों को पूरी रूचि से पढ़ा रहे हैं।
इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त श्री संबित मिश्रा, जिला कोषालय अधिकारी श्री गजानंद पटेल एवं सीएमएचओ डॉ. मिथलेश चौधरी सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।





















