

मुख्यमंत्री श्री साय की संवेदनशील पहल से ग्रामीणों को घर के नजदीक मिल रही डिजिटल बैंकिंग की सुविधा
रायपुर, 21 अगस्त 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की संवेदनशील सोच के अनुरूप शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी दिशा में सुकमा जिले में ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधा उनके गांव में ही उपलब्ध कराने की पहल की गई है। कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन में जिले के 39 अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों के ग्राम स्तरीय उद्यमियों को माइक्रो एटीएम उपलब्ध कराए गए हैं।
जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर ने शुक्रवार को ग्राम स्तरीय उद्यमियों को माइक्रो एटीएम वितरित किए। इस सुविधा के शुरू होने से अब ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं के लिए दूर स्थित बैंक शाखाओं तक जाने की जरूरत नहीं होगी।
धान की राशि सहित योजनाओं की राशि गांव में ही निकाल सकेंगे
माइक्रो एटीएम के माध्यम से किसान और ग्रामीण अपने गांव के अटल डिजिटल सुविधा केंद्र पर ही एटीएम कार्ड से आसानी से राशि निकाल सकेंगे। धान बिक्री से मिलने वाली राशि के साथ विभिन्न शासकीय योजनाओं से प्राप्त होने वाली राशि की नगद निकासी भी गांव में ही की जा सकेगी।
इससे ग्रामीणों का समय और आने-जाने का खर्च बचेगा। खासकर दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए यह सुविधा काफी उपयोगी साबित होगी।
बैंकिंग सुविधा से ग्रामीणों को मिलेगी राहत
माइक्रो एटीएम की सुविधा से ग्रामीणों को छोटी-छोटी जरूरतों के लिए बैंक जाने की परेशानी से राहत मिलेगी। यह पहल गांवों में डिजिटल बैंकिंग को बढ़ावा देने के साथ ग्रामीणों को वित्तीय रूप से सशक्त बनाने में भी मदद करेगी।
ऐसे हितग्राही, जिनका आधार आधारित भुगतान सिस्टम सक्रिय नहीं है, वे भी माइक्रो एटीएम के माध्यम से आवश्यक राशि निकाल सकेंगे। इससे बैंकिंग सेवाओं की पहुंच अधिक लोगों तक सुनिश्चित होगी।
‘बैंक आपके गांव में’ की तर्ज पर बढ़ रही सुविधा
जिला प्रशासन की यह पहल शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों के माध्यम से ग्रामीणों को अब अपने गांव में ही बैंकिंग और डिजिटल सेवाओं का लाभ मिलेगा। इससे सुकमा के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल वित्तीय सेवाओं का विस्तार होगा।
माइक्रो एटीएम संचालन की दी गई जानकारी
इस अवसर पर आयोजित कार्यशाला में डीडीपी पंचायत श्री शंकर बघेल, सीएससी राज्य कार्यालय रायपुर के सीनियर मैनेजर श्री नीरज हरदेव और सीएससी जिला प्रबंधक श्री शेख शाहरुख उपस्थित रहे। कार्यशाला में ग्राम स्तरीय उद्यमियों को माइक्रो एटीएम के संचालन और ग्रामीणों को बेहतर बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल के अनुरूप सुकमा में शुरू की गई यह सुविधा ग्रामीणों के लिए ‘बैंक की सुविधा अब गांव में’ की दिशा में एक सार्थक कदम है। इससे शासन की योजनाओं का लाभ लेने वाले किसानों, महिलाओं, श्रमिकों और अन्य हितग्राहियों को अपने ही गांव में सरल, सहज और सुविधाजनक वित्तीय सेवाएं मिल सकेंगी।





















