







युवा सहभागिता, जनभागीदारी और राष्ट्रभक्ति के उत्साह का दिया संदेश
Raipur chhattisgarh VISHESH / नई दिल्ली, 12 अगस्त 2026

आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने नई दिल्ली में ‘हर घर तिरंगा 2026’ अभियान के तहत आयोजित दो प्रमुख कार्यक्रमों—‘हर घर तिरंगा साइकिल यात्रा’ और ‘तिरंगा बाइक रैली 2026’—में सहभागिता की। दोनों आयोजनों में राष्ट्रभक्ति, जनभागीदारी, युवा सहभागिता और जिम्मेदार नागरिकता का संदेश प्रमुखता से उभरा।
नई दिल्ली के मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम से आयोजित ‘हर घर तिरंगा साइकिल यात्रा’ का नेतृत्व केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने किया। यात्रा में MY Bharat के 1,000 से अधिक स्वयंसेवकों तथा दिल्ली विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस अवसर पर श्री तोखन साहू ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा साइकिल यात्रा’ राष्ट्रभक्ति, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ जोड़ने वाली प्रेरणादायी पहल है। युवाओं की तिरंगे के प्रति यह सहभागिता दर्शाती है कि राष्ट्रभक्ति केवल स्वतंत्रता का उत्सव मनाने तक सीमित नहीं, बल्कि देश के भविष्य के प्रति जिम्मेदारी निभाने का भी संकल्प है।
बाद में श्री साहू ने भारत मंडपम, प्रगति मैदान में माननीय सांसदगण के साथ ‘तिरंगा बाइक रैली 2026’ में सहभागिता की। भारत के माननीय उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने मुख्य अतिथि के रूप में रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
भारत मंडपम से प्रारंभ हुई बाइक रैली मथुरा रोड, शेरशाह सूरी रोड, इंडिया गेट सर्कल और कर्तव्य पथ से होते हुए मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम में संपन्न हुई। रैली का उद्देश्य नागरिकों में जनभागीदारी की भावना को मजबूत करना तथा स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रव्यापी समारोह में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित करना था।
श्री साहू ने कहा कि “तिरंगा केवल हमारी स्वतंत्रता का प्रतीक नहीं, बल्कि हमारी सामूहिक आकांक्षाओं, एकता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान प्रत्येक नागरिक को इस गौरव को व्यक्त करने और स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय उत्सव का हिस्सा बनने का अवसर देता है।”
उन्होंने कहा कि “युवाओं के साथ साइकिल यात्रा से लेकर माननीय सांसदगण के साथ तिरंगा बाइक रैली तक, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान जनभागीदारी की भावना को सशक्त कर रहा है। तिरंगा हम सभी को एक सूत्र में बांधता है और स्वच्छ, स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण में अपने योगदान के लिए प्रेरित करता है।”
दोनों आयोजनों में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रदर्शन ने वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कर दिया। इस अवसर पर ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में इसकी राष्ट्रीय चेतना में स्थायी भूमिका को भी स्मरण किया गया।
इन आयोजनों ने विशेष रूप से युवाओं को राष्ट्र के स्वतंत्रता दिवस समारोह से सार्थक रूप से जोड़ने के साथ फिटनेस, पर्यावरणीय स्थिरता, जिम्मेदार नागरिकता, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी के मूल्यों को प्रोत्साहित किया।





















