

प्रविष्टि तिथि: 30 JUL 2026 6:25PM
Raipur chhattisgarh VISHESH / सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI), भारत सरकार के अंतर्गत राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (NSO), क्षेत्र संकार्य प्रभाग, क्षेत्रीय कार्यालय, रायपुर द्वारा आज अपने कार्यालय परिसर में निगमित सेवा क्षेत्र के उद्यमों का वार्षिक सर्वेक्षण (ASISSE)-2026 के अंतर्गत एक दिवसीय जागरूकता एवं स्व-संकलन प्रशिक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह सर्वेक्षण 1 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होकर 31 मार्च 2027 तक संचालित रहेगा। इस प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य चयनित उद्यमों को ASISSE अनुसूचियों के स्व-संकलन (Self-Compilation) में सहायता प्रदान करना, सर्वेक्षण की प्रतिक्रिया दर (Response Rate) में सुधार करना, परिचालन संबंधी समस्याओं का समाधान करना तथा सर्वेक्षण के प्रति समग्र जागरूकता बढ़ाना था।

कार्यक्रम का संयुक्त उद्घाटन सुश्री अग्रवाल सचिता राकेश, उप निदेशक एवं कार्यालय प्रमुख, राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय, क्षेत्रीय कार्यालय, रायपुर तथा मुख्य अतिथि श्री सतीश थोरानी, अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, रायपुर द्वारा किया गया। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए सुश्री अग्रवाल सचिता राकेश ने साक्ष्य-आधारित नीति निर्माण तथा सतत आर्थिक विकास के लिए विश्वसनीय एवं समयबद्ध आधिकारिक सांख्यिकी के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने ASISSE-2026 के मुख्य उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी देते हुए डेटा गुणवत्ता में सुधार तथा उत्तरदाताओं पर पड़ने वाले बोझ को कम करने में स्व-संकलन की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। साथ ही, उन्होंने चयनित निगमित सेवा क्षेत्र के उद्यमों से ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से समयबद्ध और सटीक जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह किया।


मुख्य अतिथि श्री सतीश थोरानी ने राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय की इस पहल की सराहना की और सेवा क्षेत्र के उद्यमों से आह्वान किया कि वे सरकार के साथ सहयोग कर उच्च गुणवत्ता वाले आंकड़े समय पर उपलब्ध कराएं, जिससे प्रामाणिक राष्ट्रीय सांख्यिकी के निर्माण में उनका योगदान सुनिश्चित हो सके। इस प्रशिक्षण शिविर में निगमित सेवा क्षेत्र के 35 उद्यमों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ रायपुर, बिलासपुर एवं दुर्ग के अधिकारियों, जिनमें उप क्षेत्रीय कार्यालय बिलासपुर के सहायक निदेशक श्री ऋषभ सिंह श्याम तथा दुर्ग के सहायक निदेशक श्री अभिषेक शुक्ला शामिल थे, ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
तकनीकी सत्र के दौरान राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के अधिकारियों द्वारा ASISSE वेब पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन अनुसूची भरने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। इस संवादात्मक सत्र में प्रतिभागियों की डेटा प्रविष्टि, वित्तीय जानकारी, लॉगिन प्रक्रिया तथा अनुसूची से संबंधित विभिन्न जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। कार्यक्रम का समापन श्री एस. के. बेहेरा, वरिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी, राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय, क्षेत्रीय कार्यालय, रायपुर द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।





















