

10 छात्राओं ने हासिल की सफलता, अब एमबीबीएस, बीडीएस, आयुर्वेद और पशु चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश का अवसर
रायपुर, 21 जुलाई 2026

दंतेवाड़ा जिले के छू लो आसमान कन्या आवासीय कोचिंग सेंटर, कारली की छात्राओं ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी 2026 में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। छात्राओं की सफलता से पूरे जिले में खुशी का माहौल है। यह उपलब्धि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नियमित मार्गदर्शन और छात्राओं की मेहनत का परिणाम है।
’कई छात्राओं ने हासिल किए उत्कृष्ट अंक’
संस्था की छात्रा दीपा मरकाम ने 412 अंक प्राप्त कर सबसे बेहतर प्रदर्शन किया। इसके अलावा नेहा नायक ने 388 अंक, उर्वशी ठाकुर ने 375 अंक, तनिषा दास ने 355 अंक, वासनी कोवाशी ने 345 अंक, दिव्यांजलि मोड़ियामी ने 317 अंक, पारो मरकाम ने 312 अंक, प्रार्थना सोरी ने 310 अंक, रानू कुंजाम ने 308 अंक तथा रिंकी नाग ने 300 अंक प्राप्त किए।
इन छात्राओं को काउंसलिंग के माध्यम से एमबीबीएस, बीडीएस, आयुर्वेद और पशु चिकित्सा जैसे चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश का अवसर मिलेगा।
’मेहनत, मार्गदर्शन और अनुशासन का मिला परिणाम’
संस्था प्रबंधन ने बताया कि छात्राओं की सफलता उनके कठिन परिश्रम, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन, नियमित टेस्ट सीरीज़ और अनुशासित अध्ययन वातावरण का परिणाम है। प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्थित तैयारी पर विशेष ध्यान दिए जाने से हर वर्ष बेहतर परिणाम मिल रहे हैं।
इस उपलब्धि पर कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव ने सभी छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नंदलाल मुड़ामी, जिला शिक्षा अधिकारी श्री प्रमोद ठाकुर और जिला मिशन समन्वयक श्री हरीश गौतम ने भी छात्राओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें मिठाई खिलाकर सम्मानित किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मुड़ामी ने विशेष रूप से अपने क्षेत्र की सफल छात्राओं और उनके परिजनों से घर जाकर मिलने की बात भी कही।
’सरकारी पहल से साकार हो रहे सपने’
सफल छात्राओं ने अपनी उपलब्धि का श्रेय श्छू लो आसमानश् संस्था के शिक्षकों और मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने भविष्य में चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करने का संकल्प व्यक्त किया। साथ ही दंतेवाड़ा में शासकीय मेडिकल कॉलेज शुरू होने पर खुशी जताते हुए आगे की पढ़ाई वहीं करने की इच्छा भी व्यक्त की।
’बेटियों के सपनों को मिल रही नई उड़ान’
’छू लो आसमान’ कन्या आवासीय कोचिंग सेंटर यह साबित कर रहा है कि दूरस्थ अंचलों की बेटियों को यदि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सही मार्गदर्शन और अवसर मिले, तो वे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं। यह सफलता जिले की अन्य छात्राओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।





















