
Report manpreet singh
Raipur chhattisgarh VISHESH रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन के चार नए इलाक़ों को रूस में शामिल करने के दस्तावेज़ों पर हस्ताक्षर कर दिए हैं और मास्को में हुए एक समारोह में इसे लेकर भाषण भी दिया है. अगले कुछ दिनों में इन इलाक़ों को औपचारिक रूप से रूस में शामिल करने की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी.

इसी तरह साल 2014 में रूस ने यूक्रेन के क्राइमिया प्रायद्वीप को भी अपने नियंत्रण में ले लिया था. ये इलाक़ा अभी भी रूस के नियंत्रण में ही है.पुतिन ने क्रेमलिन में जब अधिग्रहण के दस्तावेज़ों पर बारी-बारी से हस्ताक्षर किए तब रूस के सैन्य अधिकारी और नेता तालियां बजा रहे थे.
क्रेमलिन में यूक्रेन के इलाक़ों को रूस में शामिल करने की घोषणा करते हुए पुतिन ने कहा कि लोगों ने अपनी पसंद ज़ाहिर कर दी है और इन इलाक़ों को रूस का हिस्सा बनाना यहां की आबादी की इच्छा थी.
क्रेमलिन के सेंट जॉर्जेज़ हॉल में इस घोषणा के साथ ही रूस ने अधिकारिक रूप से यूक्रेन के दोनेत्स्क, लुहांस्क, ख़ेरसोन और ज़ोपोरिज़्ज़िया इलाक़ों को अपने साथ मिला लिया है.





















