

महतारी वंदन योजना बनी श्रीमती ललिता साहू के परिवार का संबल
योजना की सहायता से बच्चों की पढ़ाई का सपना हो रहा साकार, मुख्यमंत्री को दिया धन्यवाद

रायपुर, 14 जुलाई 2026/
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित महतारी वंदन योजना महिलाओं को न केवल आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर रही है बल्कि उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव भी ला रही है, ग्राम कुकरा की निवासी श्रीमती ललिता साहू इस बात का उदाहरण हैं।
श्रीमती साहू के जीवन में उस समय कठिन दौर आ गया, जब उनके पति का आकस्मिक निधन हो गया। परिवार की पूरी जिम्मेदारी अचानक उनके कंधों पर आ गई। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और अपने तीनों बच्चों के भविष्य को संवारने का संकल्प लिया।
श्रीमती साहू ने बताया कि उनके परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। उनके पति का सपना था कि उनके बच्चे अच्छी शिक्षा प्राप्त कर सकें, लेकिन उनके निधन के कारण यह सपना अधूरा रह गया, लेकिन महतारी वंदन योजना से मिलने वाली आर्थिक सहायता ने उन्हें नई उम्मीद दी।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत प्राप्त होने वाली किश्तों का उपयोग वे अपने बच्चों की शिक्षा पर कर रही हैं। उनकी एक बेटी डीसीए तथा बेटा पीजीडीसीए की पढ़ाई कर रहा है। इस सहायता से बच्चों की फीस और अन्य शैक्षणिक आवश्यकताओं को पूरा करने में काफी मदद मिली है।
श्रीमती ललिता साहू ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना ने कठिन परिस्थितियों में उनके परिवार को सहारा दिया और उनके बच्चों के शिक्षा के सपने को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।





















