




Raipur chhattisgarh VISHESH / राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर में मेंटल हेल्थ एंड वेलबीइंग सेल एन आई टी रायपुर और बेटर स्पेस संस्था के द्वारा 14 जुलाई 2026 को दो दिवसीय फैकल्टी अपग्रेडेशन प्रोग्राम का शुभारंभ किया गया। इस आयोजन की मुख्य वक्ता बैटरस्पेस की कोफ़ाउंडर डॉ. शिवली श्रीवास्तव रही | कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को छात्र मार्गदर्शन, मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक बुद्धिमत्ता तथा सकारात्मक शिक्षण वातावरण के निर्माण के लिए प्रोत्साहित करना था। इस अवसर पर एनआईटी रायपुर के हेड, कैरियर डेवलपमेंट सेंटर (सीडीसी) डॉ. समीर बाजपेयी डीन (स्टूडेंट वेलफेयर) डॉ. मनोज कुमार चोपकर और अन्य फैकल्टी मेम्बर्स उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. समीर बाजपेयी के संबोधन से हुआ। उन्होंने वर्तमान समय में विद्यार्थियों पर बढ़ रहे भावनात्मक एवं शैक्षणिक दबावों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि आज प्रत्येक व्यक्ति किसी न किसी प्रकार के तनाव से गुजर रहा है, जिसका प्रभाव शिक्षकों और विद्यार्थियों के आपसी व्यवहार पर भी पड़ता है, इसलिए मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों की आवश्यकता हैं। उन्होंने अपने संबोधन का समापन इस संदेश के साथ किया कि सुंदर मस्तिष्क होना महत्वपूर्ण है, लेकिन उससे भी अधिक महत्वपूर्ण सुंदर हृदय होना है।

इसके पश्चात डॉ. शिवली श्रीवास्तव ने सत्र का संचालन किया। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य पर चर्चा केवल औपचारिक न होकर सहज, अनौपचारिक तथा उनकी अपनी भाषा में भी होनी चाहिए, जिससे विद्यार्थी खुलकर अपनी बात रख सकें। उन्होंने मेंटरिंग पर प्रकाश डालते हुए बताया कि एक अच्छा मेंटर प्रत्येक समस्या का समाधान स्वयं देने या हर समय सलाह देने के बजाय विद्यार्थियों को स्वयं सोचने, प्रश्न पूछने और समाधान खोजने के लिए प्रेरित करता है। विद्यार्थियों को ऐसे शिक्षक की आवश्यकता होती है जो उनकी बात धैर्यपूर्वक सुने, सहानुभूति रखे, विश्वास कायम करे, खुले विचारों वाला हो तथा आवश्यकता पड़ने पर उचित विशेषज्ञ की सहायता लेने के लिए भी प्रेरित करे।
कार्यक्रम में शिक्षकों के लिए विभिन्न गतिविधियाँ भी आयोजित की गईं, जिनका उद्देश्य उनमें सहानुभूति, प्रभावी संचार, आत्म-जागरूकता तथा एक प्रभावी मेंटर के गुणों को विकसित करना था। इन गतिविधियों के माध्यम से सकारात्मक शिक्षक-विद्यार्थी संबंधों के महत्व को भी रेखांकित किया गया।





















