
प्रविष्टि तिथि: 03 JUL 2026 5:33PM by PIB Raipur
भिलाई इस्पात संयंत्र के अंतर्गत राजहरा माइंस अस्पताल में 25वें मेगा मेडिकल कैंप का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विशेषज्ञताओं के चिकित्सकों की बहुविषयक टीम द्वारा स्थानीय नागरिकों को व्यापक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर में कुल 710 मरीजों का परामर्श एवं उपचार किया गया, जिससे उन्हें अपने ही क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं का लाभ प्राप्त हुआ।


मेगा मेडिकल कैंप के दौरान हृदय रोग, सामान्य चिकित्सा, नेत्र रोग, अस्थि रोग, शिशु रोग, कान-नाक-गला (ईएनटी), प्रसूति एवं स्त्री रोग, सामान्य शल्य चिकित्सा, त्वचा रोग तथा दर्द प्रबंधन सहित विभिन्न विशेषज्ञताओं में मरीजों का चिकित्सकीय परीक्षण, परामर्श एवं उपचार किया गया। शिविर में 10 इंट्रा-आर्टिकुलर इंजेक्शन लगाए गए तथा 5 मरीजों को प्लास्टर भी किया गया।

शिविर में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. चंदन दास, मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. प्रमोद बिनायके, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक कुमार, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. इमैनुएल मैसी, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. कौशिक किशोर, कान-नाक-गला (ईएनटी) विशेषज्ञ डॉ. अश्विन अशोक जायसवाल, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. हिमानी गुप्ता, सामान्य शल्य चिकित्सक डॉ. धीरज शर्मा, त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. शशांक अग्रवाल तथा दर्द प्रबंधन विशेषज्ञ डॉ. निलेश चंद्र ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।

चिकित्सकों के साथ सहायक प्रबंधक सुश्री परमिता दासगुप्ता एवं सुश्री अंजू सक्सेना, डिप्लोमेट ऑफ नेशनल बोर्ड (अस्थि रोग) डॉ. हर्ष प्रकाश, डिप्लोमेट ऑफ नेशनल बोर्ड (स्त्री एवं प्रसूति रोग) डॉ. साध्वी, डिप्लोमेट ऑफ नेशनल बोर्ड (नेत्र रोग) डॉ. कल्याणी, डिप्लोमेट ऑफ नेशनल बोर्ड (मेडिसिन) डॉ. पूर्णिमा, डिप्लोमेट ऑफ नेशनल बोर्ड (कान-नाक-गला) डॉ. कुमारगुरुबरण, मेडिकल टेक्नोलॉजिस्ट श्री कल्लोल मैती तथा फिजियोथेरेपिस्ट श्री विकास पांडे ने भी शिविर के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शिविर के सफल आयोजन में डॉ. अमित पांडे एवं उनकी टीम के साथ राजहरा माइंस अस्पताल के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ तथा सहयोगी कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा। यह कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. कौशलेन्द्र ठाकुर एवं डॉ. उदय कुमार, मुख्य महाप्रबंधक (माइंस), आयरन ओर कॉम्प्लेक्स (आईओसी) राजहरा श्री आर. बी. गहरवार तथा सहायक महाप्रबंधक (मानव संसाधन), आयरन ओर कॉम्प्लेक्स (आईओसी) राजहरा श्री तुषार रायचौधरी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
इसी अवसर पर राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के उपलक्ष्य में सिटीजन क्लब, राजहरा में चिकित्सकों के सम्मान में एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान केक काटकर चिकित्सा समुदाय की निस्वार्थ सेवाओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा सभी चिकित्सकों को उनके समर्पण एवं उत्कृष्ट योगदान के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
****
आरडीजे/बीकेटी





















