
92,073 टन रेल का सर्वश्रेष्ठ मासिक उत्पादन, 89,059 टन का रिकॉर्ड प्रेषण तथा प्रथम तिमाही में 2.44 लाख टन से अधिक ‘प्राइम प्रोडक्शन’ दर्ज
प्रविष्टि तिथि: 02 JUL 2026 6:04PM by PIB Raipur
भिलाई इस्पात संयंत्र की यूनिवर्सल रेल मिल ने उत्पादन, गुणवत्ता और प्रेषण के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जून-2026 में विभाग के इतिहास का सर्वश्रेष्ठ मासिक उत्पादन दर्ज किया है। विभाग ने जून के दौरान 92,073 टन रेल का ‘प्राइम प्रोडक्शन’ हासिल कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। इससे पहले भी यूनिवर्सल रेल मिल ने मई-2026 में मासिक उत्पादन का रिकॉर्ड बनाया था।

B2I7.jpeg)
उत्पादन के साथ-साथ रेल प्रेषण में भी विभाग ने नया इतिहास रचा। जून-2026 के दौरान 260 मीटर लंबाई की रेलों के 94 रेकों के माध्यम से कुल 89,059 टन रेल का प्रेषण किया गया, जो विभाग का अब तक का सर्वश्रेष्ठ मासिक रेल प्रेषण है।
XJBL.jpeg)
वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रथम तिमाही में यूनिवर्सल रेल मिल ने 2,44,028 टन रेल का ‘प्राइम प्रोडक्शन’ दर्ज कर विभाग के इतिहास का सर्वोच्च तिमाही उत्पादन हासिल किया। तकनीकी प्रदर्शन के क्षेत्र में भी विभाग ने जून-2026 में 97.1 प्रतिशत ‘प्राइम एक्सेप्टेंस यील्ड’ प्राप्त कर अब तक का सर्वश्रेष्ठ स्तर दर्ज किया।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी श्री चित्तरंजन महापात्र के नेतृत्व में वरिष्ठ अधिकारियों ने यूनिवर्सल रेल मिल के शॉप फ्लोर का दौरा कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी तथा उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) श्री ए. के. चक्रवर्ती, कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) श्री प्रवीण निगम, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार, कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) श्री पी. के. सरकार, कार्यकारी कार्यपालक निदेशक (संकार्य) श्री तुषार कांत, मुख्य महाप्रबंधक (विद्युत) श्री टी. के. कृष्ण कुमार, मुख्य महाप्रबंधक (यांत्रिकी) श्री एच. के. सचदेव, मुख्य महाप्रबंधक (ऊर्जा प्रबंधन) श्री मूर्ति, मुख्य महाप्रबंधक (इस्पात मेल्टिंग शॉप-3) श्री त्रिभुवन बैठा तथा उप महाप्रबंधक (राइट्स) श्री कामराज भी उपस्थित रहे।
निदेशक प्रभारी श्री चित्तरंजन महापात्र ने यूनिवर्सल रेल मिल, सहयोगी विभागों तथा राइट्स की टीम को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उत्कृष्ट टीमवर्क, तकनीकी दक्षता और निरंतर बेहतर प्रदर्शन के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य के उत्पादन लक्ष्यों को भी इसी समर्पण और कार्यसंस्कृति के साथ प्राप्त करने का आह्वान किया।
मुख्य महाप्रबंधक (ब्लूमिंग एवं रेल मिल तथा यूनिवर्सल रेल मिल) श्री योगेश शास्त्री ने इस उपलब्धि का श्रेय विभाग की ‘सुरक्षा प्रथम’ कार्यसंस्कृति, कर्मचारियों की प्रतिबद्धता, नवाचार, संसाधनों के प्रभावी उपयोग तथा सहयोगी विभागों के उत्कृष्ट समन्वय को दिया। उन्होंने प्रबंधन, अधिकारियों, कर्मचारियों, श्रमिक संगठनों तथा सभी सहयोगी विभागों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि यूनिवर्सल रेल मिल भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के नए मानक स्थापित करती रहेगी।
कार्यकारी मुख्य महाप्रबंधक (यूनिवर्सल रेल मिल) श्री शिशिर शुक्ला ने इस उपलब्धि का श्रेय संपूर्ण टीम के सामूहिक प्रयास, समर्पण और प्रभावी समन्वय को देते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी। इस अवसर पर कंट्रोल एवं इंस्ट्रूमेंटेशन, रेल एवं स्ट्रक्चरल कॉम्प्लेक्स प्रयोगशाला, ट्रांसपोर्ट एवं डिस्पैच सहित सहयोगी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की इस परंपरा को बनाए रखने का संकल्प व्यक्त किया।
*****





















