
Raipur chhattisgarh VISHESH / एनएमडीसी डीएवी आईटीआई, भांसी ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम करते हुए भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के प्रशिक्षण महानिदेशालय (DGT) द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए डाटा ड्रिवेन ग्रेडिंग मेथडोलॉजी (DDGM) के अंतर्गत प्रतिष्ठित 5-स्टार रेटिंग प्राप्त की है।
डाटा ड्रिवेन ग्रेडिंग मेथडोलॉजी एक पारदर्शी एवं तकनीक आधारित मूल्यांकन प्रणाली है, जिसमें आईटीआई का मूल्यांकन डीजीटी के एमआईएस पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर किया जाता है। इसमें प्रवेश प्रतिशत, प्रशिक्षुओं का प्लेसमेंट, परीक्षा परिणाम, छात्राओं की भागीदारी, ट्रेड विविधता, सीबीटी परीक्षा में सहभागिता तथा प्रशिक्षुओं के औसत अंक जैसे महत्वपूर्ण मापदंडों का आकलन किया जाता है।

5-स्टार रेटिंग संस्थान की उत्कृष्ट शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रभावी प्रशिक्षण व्यवस्था, बेहतर परीक्षा परिणाम, उद्योगों से मजबूत जुड़ाव तथा प्रशिक्षुओं के सर्वांगीण विकास का प्रमाण है।
इस उपलब्धि का श्रेय एनएमडीसी के सतत सहयोग एवं मार्गदर्शन, संस्थान के प्राचार्य,समस्त प्रशिक्षण अधिकारियों, कर्मचारियों तथा प्रशिक्षुओं के सामूहिक प्रयास और समर्पण को जाता है।
संस्थान ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए एनएमडीसी बचेली के परियोजना प्रमुख श्री श्रीधर कोडली ने संस्था के समस्त स्टाफ और छात्रों को बधाई दी है। संस्था के प्राचार्य ने भविष्य में भी गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर देश के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और उत्कृष्टता के नए आयाम स्थापित करने का संकल्प व्यक्त किया।





















