



Raipur chhattisgarh VISHESH /राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान रायपुर में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में संस्थान परिसर में एक भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन 21 जून 2026 को किया गया। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का विषय “स्वस्थ आयु के लिए योग” है | इस अवसर पर एनआईटी रायपुर के निदेशक डॉ एन.वी. रमना राव, मुख्य अतिथी के रूप में मौजूद रहे | इस दौरान डीन (स्टूडेंट वेलफेयर), डॉ मनोज चोपकर, ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंस विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ समीर बाजपेयी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में रजिस्ट्रार, डॉ नरेंद्र डी लोंढे, डॉ श्रीश वर्मा, डॉ पी वाय ढेकने, डॉ मनोज प्रधान, फैकल्टी मेंबर्स, संस्थान के कर्मचारी, परिवारजन एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में सम्मिलित हुए। इस कार्यक्रम के समन्वयक संस्थान के योगा क्लब के फैकल्टी इन चार्ज डॉ देबाशीष मिश्रा, ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंस विभाग की योगा फैकल्टी डॉ मंजू शुक्ला और श्री सूरज निषाद रहे।
इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपने ऑनलाइन संबोधन में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सभी को योग के महत्व को समझने और उसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि योग सभी को जोड़ता है और साथ लेकर चलता है। उन्होंने बताया कि योग केवल बेहतर जीवन जीने के लिए ही नहीं, बल्कि दुनिया के उज्ज्वल भविष्य के लिए भी आवश्यक है।

इसके पश्चात संस्थान में कॉमन योगा प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया गया, जिसमें सभी विद्यार्थियों, फैकल्टी सदस्यों और उनके परिजनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इसके बाद संस्थान के विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक योग आसनों, का प्रदर्शन किया गया, जिसमें उन्होंने विभिन्न आसनों और संतुलनकारी मुद्राओं के माध्यम से योग की सौंदर्यता को प्रस्तुत किया।
डॉ मंजू शुक्ला ने योग को शरीर, मन और आत्मा के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी अच्छी आदतें जीवन में बड़ा सकारात्मक परिवर्तन ला सकती हैं। योग निरंतर विकसित हो रहा है और इसके प्रचार-प्रसार के लिए अनेक गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि योग दिवस एक वैश्विक आयोजन बन चुका है, जिसका उद्देश्य स्वास्थ्य और कल्याण को बढ़ावा देना है, तथा विभिन्न विषयों के माध्यम से लोगों को योग के महत्व से अवगत कराया जाता है।
डॉ एन वी रमना राव ने सभी को कार्यक्रम की सफलता पर बधाई दी और कहा कि योग हर व्यक्ति के लिए आवश्यक है। नियमित योगाभ्यास दर्द को कम करने, विद्यार्थियों की एकाग्रता बढ़ाने तथा मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में सहायक है। उन्होंने सभी से स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली के लिए प्रतिदिन योग करने का आग्रह किया।
विगत दिनों संस्थान में आयोजित योग शिविर के दौरान योग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था जिनके विजेताओं की घोषणा और उन्हें पुरूस्कार का वितरण इस कार्यक्रम के दौरान किया गया | अंत में ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंस के विभागाध्यक्ष डॉ समीर बाजपेयी ने धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन किया।





















