
प्रविष्टि तिथि: 16 MAY 2026 7:57PM by PIB Raipur
NTPC Limited की लारा परियोजना में ‘बालिका सशक्तिकरण अभियान (गर्ल एम्पावरमेंट मिशन-2026)’ का शुभारंभ उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने परियोजना प्रमुख श्री सुभाष ठाकुर की उपस्थिति में किया। चार सप्ताह तक चलने वाले इस आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली छात्राओं की ग्रीष्मकालीन अवकाश अवधि का रचनात्मक उपयोग सुनिश्चित करते हुए शिक्षा एवं कौशल विकास के माध्यम से उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है।

अभियान के अंतर्गत छात्राओं को पाठ्यक्रम आधारित शिक्षण, व्यक्तित्व विकास, स्वास्थ्य जागरूकता, जीवन कौशल तथा सह-पाठयक्रम गतिविधियों के माध्यम से बौद्धिक एवं शारीरिक विकास का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास का विकास करना तथा उन्हें नेतृत्व क्षमता के लिए तैयार करना है।

इस अवसर पर उपस्थित छात्राओं एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए श्री शशि मोहन सिंह ने बालिकाओं को अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बाल विवाह रोकने, महिलाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा समाज में महिलाओं की गरिमापूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

परियोजना प्रमुख श्री सुभाष ठाकुर ने अपने संबोधन में रायगढ़ एवं आसपास के क्षेत्रों में एनटीपीसी लारा द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं सामुदायिक विकास गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बालिका सशक्तिकरण अभियान, एनटीपीसी की महत्वपूर्ण सामाजिक उत्तरदायित्व पहल है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं को शिक्षा, आत्मविश्वास और नेतृत्व विकास के अवसर उपलब्ध कराना है।
इस वर्ष आसपास के गांवों से चयनित 90 बालिकाएं इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग ले रही हैं। अभियान के माध्यम से छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ने, नई क्षमताएं विकसित करने तथा अपने सपनों को साकार करने के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराया जा रहा है।
कार्यक्रम में सभी महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, प्रेरिता महिला समिति की पदाधिकारी, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के उप कमांडेंट सहित छात्राओं के अभिभावक उपस्थित रहे।





















