
जीवनदीप समिति के कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि
उप मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में लोरमी के 50 बिस्तर अस्पताल में जीवन दीप समिति की बैठक सम्पन्न

रायपुर, 1 मई 2026
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लोरमी स्थित 50 बिस्तर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य अस्पताल में आज जीवन दीप समिति की साधारण समिति की बैठक उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक से पहले उप मुख्यमंत्री ने अस्पताल का निरीक्षण भी किया। उन्होंने यहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई की व्यवस्था एवं गार्डन की हरियाली की सराहना की। उन्होंने व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए सेवाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में एजेंडावार चर्चा करते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार एवं सुधार हेतु कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। जीवन दीप समिति के कर्मचारियों के मानदेय में पांच वर्ष पूर्ण होने पर प्रतिमाह 2000 रुपये वृद्धि की स्वीकृति दी गई। साथ ही अस्पताल के सोलर सिस्टम की मरम्मत, बैटरी बदलने एवं जनरेटर सुधार के लिए डीएमएफ मद से प्रस्ताव तैयार कर कलेक्टर मुंगेली को भेजने के निर्देश दिए गए।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने अस्पताल में नए पेइंग वार्ड के निर्माण के लिए अपने विधायक मद से 20 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की। वहीं डीएमएफ मद से शव वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी स्वास्थ्य विभाग को दिए। निर्माणाधीन ब्लड बैंक एवं इंटीग्रेटेड लैब को शीघ्र पूर्ण करने तथा 50 बिस्तर अस्पताल को 100 बिस्तर में उन्नत करने के लिए अतिरिक्त भवन स्वीकृति हेतु शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए। इसके लिए सहकारिता विभाग के पुराने गोदाम की भूमि स्वास्थ्य विभाग को आबंटित करने की प्रक्रिया तेज करने कहा गया।
बरसात से पूर्व एटीआर क्षेत्र के गांवों में मेगा स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने, खुड़िया बांध के पार स्थित गांवों के लिए बोट एम्बुलेंस प्रस्ताव तैयार करने तथा अस्पताल की सुरक्षा के लिए रात्रि में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने और दो सुरक्षा गार्ड रखने की स्वीकृति दी बैठक में दी गई। उप मुख्यमंत्री श्री साव ने अस्पताल से अनावश्यक रिफरल केस को कम करने पर भी जोर देते हुए मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। लोरमी एसडीएम श्री अजीत पुजारी और डीपीएम श्री गिरीश कुर्रे सहित जीवन दीप समिति के सदस्य और विभागीय अधिकारी भी बैठक में मौजूद थे।





















