

प्रविष्टि तिथि: 24 FEB 2026 6:03PM by PIB Raipur
नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), भिलाई-दुर्ग की 62वीं छमाही बैठक मंगलवार, 24 फरवरी 2026 को सिविक सेन्टर स्थित भिलाई निवास के बहुउद्देशीय सभागार में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत सरकार, गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग, क्षेत्रीय कार्यान्वयन कार्यालय (मध्य) भोपाल के उप निदेशक (कार्यान्वयन) एवं कार्यालयाध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह मेहरा रहे। बैठक की अध्यक्षता भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी एवं नराकास (भिलाई-दुर्ग) के अध्यक्ष श्री चित्त रंजन महापात्र ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में संयंत्र के कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार उपस्थित थे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। भिलाई इस्पात संयंत्र के महाप्रबंधक प्रभारी (संपर्क व प्रशासन एवं जनसंपर्क) श्री अमूल्य प्रियदर्शी तथा नराकास सचिव एवं महाप्रबंधक श्री राजीव कुमार ने अतिथियों का स्वागत शॉल, श्रीफल और पुस्तक भेंट कर किया। अपने स्वागत संबोधन में श्री राजीव कुमार ने कहा कि नराकास भिलाई-दुर्ग, श्री नरेन्द्र सिंह मेहरा के मार्गदर्शन में राजभाषा नीतियों के अनुपालन और उत्कृष्टता की दिशा में निरंतर अग्रसर है। उन्होंने सदस्य संस्थानों द्वारा राजभाषा कार्यान्वयन में दिए जा रहे रचनात्मक सहयोग की भी सराहना की।
SB4C.jpeg)
मुख्य अतिथि श्री नरेन्द्र सिंह मेहरा ने अपने संबोधन में नराकास भिलाई-दुर्ग की कार्यप्रणाली की प्रशंसा की। उन्होंने समिति को वर्ष 2024-25 के लिए मध्य क्षेत्र के ‘नराकास राजभाषा सम्मान’ में तृतीय स्थान प्राप्त होने पर बधाई दी और विश्वास जताया कि भविष्य में यह समिति और भी बेहतर प्रदर्शन करेगी। श्री मेहरा ने इस अवसर पर अभी तक अपंजीकृत संस्थानों को राजभाषा विभाग की सूचना प्रबंधन प्रणाली में शीघ्र पंजीयन कराने के निर्देश भी दिए, ताकि डिजिटल डेटा का प्रबंधन सुचारू रूप से हो सके।
FJ3X.jpeg)
अध्यक्षीय उद्बोधन में श्री चित्त रंजन महापात्र ने कहा कि हिंदी न केवल आधिकारिक कामकाज के लिए आवश्यक है, बल्कि यह हमारी राष्ट्रीय एकता की भी संवाहक है। उन्होंने जोर दिया कि राजभाषा के संवैधानिक प्रावधानों और गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए नराकास नई उपलब्धियां हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की समग्र प्रगति में हिंदी अपनाकर हम सभी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। विशिष्ट अतिथि श्री पवन कुमार ने भी स्वतंत्रता आंदोलन में हिंदी की भूमिका को रेखांकित करते हुए इसे पूरे भारत को एक सूत्र में पिरोने वाली भाषा बताया।
बैठक के दौरान अतिथियों द्वारा नराकास भिलाई-दुर्ग की हिंदी गृह पत्रिका ‘महानदी’ के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ विशेषांक का विमोचन किया गया। इस अंक में सदस्य संस्थानों के कार्मिकों और उनके परिजनों द्वारा लिखित राष्ट्रप्रेम, एकता, अखंडता और भारतीय सेना की शौर्यगाथाओं पर आधारित रचनाओं का संकलन किया गया है, जिसकी उपस्थित जनों ने भरपूर सराहना की। बैठक की कार्यवाही में विगत बैठक के अनुपालन प्रतिवेदन और आगामी तिमाही की कार्यसूची पर चर्चा कर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कार्यक्रम का संचालन श्री जितेन्द्र दास मानिकपुरी ने किया तथा आभार प्रदर्शन सुश्री नूपुर बिस्वास ने किया। इस अवसर पर क्षेत्र के 48 सदस्य संस्थानों के प्रमुख एवं हिंदी अधिकारी उपस्थित थे








