



Raipur chhattisgarh VISHESH राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), रायपुर में 11 फरवरी 2026 को एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) के प्रतिनिधिमंडल ने प्रस्तावित ADB- THRIVE (Transforming Higher Education and Research for Industry Value Enhancement) रिसर्च एवं इनोवेशन पार्क के संबंध में ड्यू डिलिजेंस (यथोचित परीक्षण) दौरा किया। एडीबी टीम में सुश्री रेहाल्डा सुसुलान, सीनियर सेफगार्ड्स ऑफिसर (सोशल), एशियन डेवलपमेंट बैंक; सुश्री तामोसी भट्टाचार्य तथा श्री श्रीनिवास वर्मा शामिल रहे।
इस सत्र में डॉ. एन. वी. रमना राव, निदेशक, एनआईटी रायपुर; डॉ. एन. डी. लोंढे, कुलसचिव; डॉ. जी. पी. एस. सी. मिश्रा, अधिष्ठाता (अनुसंधान एवं परामर्श); डॉ. समीर बाजपेयी, प्रमुख, करियर डेवलपमेंट सेंटर; सहित अधिष्ठातागण, संकाय सदस्य, अनुभाग प्रमुख, अधिकारीगण एवं अन्य हितधारक उपस्थित रहे।

यह दौरा THRIVE कार्यक्रम के अंतर्गत पर्यावरणीय सुरक्षा उपायों, लैंगिक समावेशन, सामाजिक प्रभाव तथा संस्थागत तैयारियों के मूल्यांकन की एडीबी प्रक्रिया का हिस्सा था। प्रस्तावित रिसर्च एवं इनोवेशन पार्क का उद्देश्य उद्योग–शैक्षणिक सहयोग को सुदृढ़ करना, नवाचार एवं उद्यमिता को प्रोत्साहित करना तथा संस्थान की आत्मनिर्भरता को बढ़ाना है।
प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए प्रो. रमना राव ने एनआईटी रायपुर की अनुसंधान उत्कृष्टता एवं अंतर्विषयक नवाचार को बढ़ावा देने की दृष्टि साझा की। उन्होंने स्टार्टअप, इनक्यूबेशन पहल तथा उद्योग-संबद्ध अनुसंधान को समर्थन देने हेतु सुदृढ़ पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने की संस्थान की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर संस्थान की अनुसंधान अवसंरचना, उद्योग सहभागिता, प्लेसमेंट एवं इंटर्नशिप आँकड़े, स्टार्टअप एवं इनक्यूबेशन तंत्र, सीड ग्रांट, सीएसआर पहल, पूर्व छात्र नेटवर्क तथा विभिन्न आउटरीच कार्यक्रमों पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई। साथ ही समावेशन, लैंगिक समानता, शिकायत निवारण तंत्र तथा वंचित वर्गों के समर्थन के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया गया।
इसके पश्चात एडीबी टीम ने प्रस्तावित रिसर्च एवं इनोवेशन पार्क के स्थल का निरीक्षण किया तथा कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, अनुसंधान सुविधाओं, इनक्यूबेशन स्पेस एवं परिसर की अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। प्रतिनिधिमंडल ने छात्रों एवं संकाय सदस्यों से संवाद कर संस्थान में संचालित अनुसंधान, नवाचार एवं स्टार्टअप गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।
यह दौरा सकारात्मक एवं रचनात्मक चर्चाओं के साथ संपन्न हुआ, जो एनआईटी रायपुर में THRIVE रिसर्च एवं इनोवेशन पार्क की स्थापना की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा। यह पहल नवाचार-आधारित विकास एवं उद्योग मूल्य संवर्धन को नई गति प्रदान करने में सहायक होगी।








