

प्रविष्टि तिथि: 24 NOV 2025 6:13PM by PIB Raipur
हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एचएनएलयू), रायपुर ने न्यायमूर्ति हिदायतुल्लाह अंतर्राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता ( HIMCC 2026) के आयोजन की घोषणा की है। विश्वविद्यालय परिसर, नवा रायपुर में निर्धारित इस प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता के माध्यम से एचएनएलयू एक बार फिर विधि शिक्षा, वकालत और वैश्विक शैक्षणिक सहयोग के क्षेत्र में अपनी उत्कृष्ट परंपरा को और सुदृढ़ करने जा रहा है।

यह प्रतियोगिता भारत के महान न्यायविद्, पूर्व उपराष्ट्रपति और देश के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मोहम्मद हिदायतुल्लाह की अमूल्य विधिक विरासत को समर्पित है। अपनी स्थापना के बाद से ही यह आयोजन अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विधि के विद्यार्थियों के लिए एक प्रमुख शैक्षणिक मंच बनकर उभरा है, जहाँ प्रतिभागी जटिल वैश्विक विधिक मुद्दों पर आधारित सिम्युलेटेड न्यायिक कार्यवाही में अपनी वकालती क्षमता, शोध कौशल और विश्लेषणात्मक दृष्टि का प्रदर्शन करते हैं।
HIMCC 2026 के तृतीय संस्करण में देश-विदेश के प्रमुख विधि विश्वविद्यालय भाग लेंगे। प्रतियोगिता के प्रारंभिक दौर से लेकर फाइनल राउंड तक का मूल्यांकन छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों, वरिष्ठ अधिवक्ताओं, अग्रणी विधि फर्मों के भागीदारों तथा विषय-विशेषज्ञों द्वारा किया जाएगा।
प्रतियोगिता एचएनएलयू परिसर में फिजिकल मोड में आयोजित की जाएगी, जहाँ अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस मास्टर मूट कोर्ट हॉल, सहायक न्यायालय कक्ष तथा 350-सीटर ऑडिटोरियम उपलब्ध हैं। ग्रैंड फिनाले इसी मुख्य ऑडिटोरियम में संपन्न होगा।
HIMCC 2026 की मूट समस्या का विषय स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरणीय स्थिरता और जलवायु न्याय (Clean Energy, Environmental Sustainability & Climate Justice) पर केंद्रित है, जो वैश्विक समसामयिकता के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इस आयोजन के संचालन की जिम्मेदारी एचएनएलयू मूट कोर्ट समिति (HIMCC सचिवालय) को सौंपी गई है। फैकल्टी आयोजन समिति (Faculty Organising Committee) के अध्यक्ष प्रोफेसर (डॉ.) वी.सी. विवेकानंदन, कुलपति, हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय हैं। इस प्रतियोगिता के आयोजन सचिव डॉ. अनिंद्या तिवारी हैं, जबकि डॉ. मयंक श्रीवास्तव, डॉ. अमितेश देशमुख, डॉ. अंकित सिंह सहित अन्य संकाय सदस्य सह-सचिव एवं समिति सदस्य के रूप में जिम्मेदारियाँ निभाएँगे।
प्रतिभागियों हेतु आकर्षक पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं:
* विजेता टीम: ₹2,00,000
* उपविजेता टीम: ₹1,50,000
* सर्वश्रेष्ठ मेमोरियल एवं सर्वश्रेष्ठ वक्ता:प्रत्येक को ₹75,000
* सर्वश्रेष्ठ शोधकर्ता पुरस्कार: ₹50,000
इस आयोजन के माध्यम से हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय ने एक बार फिर कानूनी शोध, मूटिंग संस्कृति और उन्नत विधिक शिक्षण के प्रमुख केंद्र के रूप में अपनी पहचान को सुदृढ़ किया है। विश्वविद्यालय आगामी विधि-विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और भावी नीति-निर्माताओं को प्रेरित करते हुए न्याय व्यवस्था एवं समाज में सार्थक योगदान देने की दिशा में निरंतर अग्रसर है।
*पंजीकरण एवं विस्तृत जानकारी हेतु:*
🌐 [www.hnlu.ac.in](http://www.hnlu.ac.in)
(रिलीज़ आईडी: 2193679) आगंतुक पटल : 8
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English








