

बिहार विधानसभा चुनाव में दो गठबंधनों एनडीए और महागठबंधन के बीच मुक़ाबला, सभी एग्ज़िट पोल्स में एनडीए गठबंधन की सरकार बनने का अनुमान लगाया गया है l बिहार विधानसभा चुनाव में मंगलवार को मतदान संपन्न हो गया. यह दूसरे चरण का मतदान था, वहीं पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को हुआ था. चुनाव परिणाम 14 नवंबर को आएंगे
एनडीए गठबंधन में पांच दल शामिल हैं. 243 सीटों वाली बिहार विधानसभा के लिए बीजेपी और जेडीयू 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं. वहीं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) 29 सीटों और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (एचएएम) 6-6 सीटों पर चुनाव लड़ रही है.

दूसरी ओर महागठबंधन की ओर से सीट बंटवारे की घोषणा नहीं की गई थी. महागठबंधन में राष्ट्रीय जनता दल, कांग्रेस, सीपीआई (एम-एल), सीपीआई और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) हैं. आरजेडी 143 सीटों पर, कांग्रेस 61 सीटों पर, सीपीआईएमएल 20 सीटों पर, वीआईपी 13 सीटों पर, सीपीआई (एम) 4 और सीपीआई 9 सीटों पर चुनाव लड़ रही है l
बिहार चुनाव में मतदान समाप्त होने के साथ ही अलग-अलग एग्ज़िट पोल आने शुरू हो गए हैं जिसमें अधिकतर एग्ज़िट पोल में एनडीए गठबंधन के जीत के दावे किए गए हैं.
इस चुनाव में दो गठबंधनों सत्तारुढ़ एनडीए और महागठबंधन के बीच अहम मुक़ाबला है. वहीं तीसरा दल जन सुराज भी पहली बार चुनावी मैदान में है. बिहार में विधानसभा की कुल 243 सीटें हैं और सरकार बनाने के लिए किसी दल या गठबंधन के पास 122 सीटें होना ज़रूरी है. दोनों चरणों के मतदान के बाद अलग-अलग एग्ज़िट पोल आने शुरू हो गए हैं और लगभग सभी एग्ज़िट पोल में एनडीए गठबंधन को पूर्ण बहुमत दिया गया है.








