

Raipur chhattisgarh VISHESH : हैदराबाद, 4 नवंबर, 2025: भारतीय रेलवे सिग्नल इंजीनियर्स सेवा (आईआरएसएसई) के 1997 बैच के अधिकारी श्री सी. नीलकंठ रेड्डी ने 27 अक्टूबर 2025 को भारत के सबसे बड़े लौह अयस्क उत्पादक एनएमडीसी लिमिटेड के मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) के रूप में पदभार ग्रहण किया।
भारतीय रेलवे में दो दशकों से अधिक के अपने कार्यकाल में, श्री रेड्डी ने अत्यंत व्यस्त मार्गों पर रेल संचालन के लिए आवश्यक प्रणालियों के रखरखाव और आधुनिकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्हें क्षमता वृद्धि और सुरक्षा में सुधार हेतु बुनियादी ढाँचा परियोजनाओं की योजना बनाने, डिज़ाइन करने और उन्हें क्रियान्वित करने का व्यापक अनुभव है।
दक्षिण मध्य रेलवे में अपने कार्यकाल के दौरान, श्री रेड्डी ने कई प्रमुख पदों पर कार्य किया और कॉर्पोरेट समन्वय, मानव संसाधन प्रबंधन, पूंजीगत बजट, आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन, शक्तियों का प्रत्यायोजन, अर्बीट्रेशन, परिवर्तन की पहलों और सुरक्षा ऑडिट जैसे क्षेत्रों में शामिल रहे।
भारतीय रेलवे सिग्नल इंजीनियरिंग एवं दूरसंचार संस्थान (इरीसेट) में अपनी विगत नियुक्ति के दौरान, उन्होंने आधुनिक प्रौद्योगिकी प्रणालियों पर रेलवे कर्मियों और उद्योग के अधिकारियों के लिए कौशल विकास और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की संकल्पना और संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
वेंकटेश्वर यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, तिरुपति के पूर्व छात्र श्री रेड्डी ने आईसीएलआईएफ कुआलालंपुर, इनसीड सिंगापुर और इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस (आईएसबी), हैदराबाद में उन्नत प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भी भाग लिया है।









