

प्रविष्टि तिथि: 17 OCT 2025 6:12PM by PIB Raipur
भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के राष्ट्रव्यापी निर्देशों के अनुरूप, स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल)–भिलाई इस्पात संयंत्र के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र (जे.एल.एन.एच.आर.सी.) में ‘सीपीआर जागरूकता सप्ताह–2025’ का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य अस्पताल के प्रमुख कर्मियों में बेसिक लाइफ सपोर्ट (बीएलएस) और कार्डियो-पल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) तकनीकों के प्रति जागरूकता एवं तत्परता बढ़ाना था, ताकि किसी भी हृदय संबंधी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी सहायता सुनिश्चित की जा सके।


यह कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं प्रमुख (चिकित्सालय) डॉ. विनीता द्विवेदी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. कौशलेंद्र ठाकुर तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. उदय कुमार के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण सत्रों का संचालन उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एनेस्थीसिया) डॉ. जयीता सरकार, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एनेस्थीसिया) डॉ. अमित अग्रवाल तथा वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी (एनेस्थीसिया) डॉ. निलेश चंद्र द्वारा किया गया।

प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को सीपीआर और बीएलएस की व्यवहारिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया तथा आपात स्थिति में उपस्थित व्यक्तियों (बाईस्टैंडर्स) की भूमिका पर विशेष बल दिया। उन्होंने पुनर्जीवन प्रक्रिया के दौरान अपनाए जाने वाले आवश्यक “क्या करें” और “क्या न करें” पर विस्तार से जानकारी दी, ताकि हृदयगति रुकने की स्थिति में अधिकतम जीवन रक्षा सुनिश्चित की जा सके।

कार्यक्रम का समन्वय उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी (ईएनटी विभाग) डॉ. अश्विन द्वारा किया गया। इस प्रशिक्षण में नर्सिंग स्टाफ, एम्बुलेंस चालकों तथा नर्सिंग सहायकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सत्रों के दौरान यह रेखांकित किया गया कि आपातकालीन स्थिति में समय पर और सही हस्तक्षेप जीवन बचाने में निर्णायक भूमिका निभा सकता है, और प्रत्येक व्यक्ति इस जीवन रक्षा श्रृंखला का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।

कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने ऑनलाइन सीपीआर प्रतिज्ञा ली, जिसमें उन्होंने संकट की स्थिति में तत्पर रहने का संकल्प व्यक्त किया। प्रशिक्षण को और प्रभावी बनाने के लिए एक ज्ञानवर्धक प्रश्नोत्तरी (क्विज़) का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों की समझ और जागरूकता का मूल्यांकन किया गया।
‘सीपीआर जागरूकता सप्ताह–2025’ का यह आयोजन सेल–भिलाई इस्पात संयंत्र की स्वास्थ्य सुरक्षा, त्वरित प्रतिक्रिया और व्यावसायिक उत्कृष्टता के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता को पुनः सशक्त बनाता है।








