

प्रविष्टि तिथि: 17 OCT 2025 5:35PM by PIB Raipur
शिक्षा को सबके लिए सुलभ बनाने और बालिकाओं में आत्मनिर्भरता की भावना को सशक्त करने के उद्देश्य से धमतरी जिले के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कुरुद में साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, रायपुर के क्षेत्रीय अधिकारी श्री प्रदीप कुमार लाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।


कार्यक्रम में भारत सरकार की भारतमाला परियोजना के अंतर्गत कार्यरत मेसर्स शालीमार रोड इंफ्रास्ट्रक्चर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (CSR) मद से विद्यालय की 101 छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं।

मुख्य अतिथि श्री प्रदीप कुमार लाल ने इस अवसर पर कहा कि “जब एक भी बच्चा अपनी पढ़ाई अधूरी छोड़ देता है, तो हमारा विकास अधूरा रह जाता है। शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है, और यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है कि संसाधनों की कमी किसी के भविष्य में बाधा न बने।” उन्होंने कहा कि छात्राओं को दी गई ये साइकिलें केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और नई प्रेरणा का प्रतीक हैं। इससे न केवल छात्राओं की विद्यालय तक पहुँच सुगम होगी, बल्कि उनमें शिक्षा के प्रति उत्साह भी बढ़ेगा।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम और लोक नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों का मन मोह लिया। इस अवसर पर परियोजना कार्यान्वयन इकाई–अभनपुर के परियोजना निदेशक श्री शमशेर सिंह, श्री प्रखर अग्रवाल, मेसर्स शालीमार रोड इंफ्रास्ट्रक्चर्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रोजेक्ट हेड श्री ब्रजेन्द्र, श्री प्रदीप कुमार सिंह, श्री नागमणि, श्री सुनील कुमार पटेल, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं छात्राएँ बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम का समापन छात्राओं और अतिथियों के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ कि हर बालिका तक शिक्षा की पहुँच सुनिश्चित की जाएगी और समाज को शिक्षित व सशक्त बनाने में सामूहिक योगदान दिया जाएगा








