






Raipur chhattisgarh VISHESH राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, रायपुर के सहयोग क्लब द्वारा स्वच्छता ही सेवा विशेष अभियान के तहत 14 अक्टूबर 2025 से 18 अक्टूबर 2025 तक पांच दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम सफाई मित्रों और विद्यार्थियों में स्वास्थ्य जागरूकता और स्वच्छता की आदतों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।
कार्यक्रम के दूसरे दिन, 15 अक्टूबर 2025 को ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट कार्यालय के फैकल्टी इंचार्ज डॉ. विवेक कुमार गाबा और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. बी एन बाग सहित संस्थान के वरिष्ठ फैकल्टी सदस्य और सफाई मित्र उपस्थित रहे। यह कार्यशाला सहयोग क्लब के प्रभारी डॉ. आशीष कुमार दास, डॉ. मधुकृष्णा प्रियदर्शिनी और एनआईटी रायपुर डिस्पेंसरी की मेडिकल ऑफिसर डॉ. सौम्या अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित की जा रही है।
कार्यशाला में पं. जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर के समुदायिक चिकित्सा विभाग के प्रोफेसर डॉ. कमलेश जैन ने सफाई मित्रों को उनके कार्य के दौरान होने वाले स्वास्थ्य जोखिमों के बारे में बताया और बचाव के उपाय सुझाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य का ध्यान रखने से ही हम उत्पादक जीवन जी सकते हैं। वहीं, नरिश मी क्लिनिक, रायपुर की संस्थापक डॉ. श्वेता चाबड़ा ने पोषक और संतुलित आहार लेने पर जोर देते हुए पैकेज्ड और जंक फूड के बढ़ते उपयोग से होने वाली बीमारियों के बारे में चेताया। उन्होंने स्वस्थ जीवन के लिए नियमित भोजन और फलों को अपनाने की सलाह दी।
कार्यक्रम में शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर के सार्वजनिक स्वास्थ्य दंत विज्ञान विभाग की टीम, विभागाध्यक्ष डॉ. मिलिंद वासनिक के नेतृत्व में मौजूद रही। दंत चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. पूनम नारंग, डॉ. नेहा रानी और डॉ. अरुही सिन्हा ने सफाई मित्रों को सही दंत स्वच्छता बनाए रखने के उपाय बताए और फ्लोराइड युक्त टूथपेस्ट के उपयोग की सिफारिश की।
सत्र के बाद, सफाई मित्रों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया, जिसमें रक्त शुगर (रैंडम ब्लड शुगर) जांच, बॉडी मास इंडेक्स और शरीर संरचना विश्लेषण, दंत जांच, हीमोग्लोबिन परीक्षण और सिकल सेल जांच शामिल थी। यह जांच सिकल सेल संस्थान, छत्तीसगढ़ के सहयोग से आयोजित की गई। इसके अतिरिक्त, गवर्मेंट डेंटल कॉलेज, रायपुर ने दंत जांच शिविर का आयोजन किया। सभी सफाई मित्र और कर्मचारी सक्रिय रूप से इन स्वास्थ्य परीक्षणों में शामिल हुए।
कार्यक्रम के तीसरे दिन, 16 अक्टूबर 2025 को सहयोग क्लब की टीम ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, हीरापुर, रायपुर का दौरा किया। इस अवसर पर डॉ. विवेक कुमार गाबा, डॉ. बी एन बाग, डॉ. आशीष कुमार दास, डॉ. मधुकृष्णा प्रियदर्शिनी और विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों को स्वच्छता और अच्छे स्वास्थ्य के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही, उन्हें विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और करियर अवसरों के बारे में भी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
इस दौरे के दौरान स्वच्छता पर आधारित आकर्षक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें निबंध लेखन, स्लोगन लेखन, चित्रकला, क्विज प्रतियोगिता और म्यूजिकल जम्प शामिल थे। विद्यार्थियों ने इन प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया और कार्यक्रम का आनंद लिया।
यह कार्यशाला एनआईटी रायपुर की समाज के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जो स्वास्थ्य जागरूकता, स्वच्छता और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए समर्पित है।
आरडीजे/केआरवी/पीजे









