



स्वच्छता ही सेवा – स्वच्छोत्सव 2025’ अभियान के अंतर्गत एनटीपीसी (नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन) लारा द्वारा बुधवार, 1 अक्टूबर 2025 को मैत्री नगर टाउनशिप स्थित केलो भवन में भव्य सफाई मित्र सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर सफाई कर्मियों को समाज में स्वच्छता और जनस्वास्थ्य की अलख जगाने वाले सच्चे योद्धा बताते हुए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
समारोह में एनटीपीसी लारा के मुख्य महाप्रबंधक (परियोजना) श्री रवि शंकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रेरिता महिला समिति की अध्यक्ष श्रीमती अनुराधा शर्मा तथा बाल भवन की प्रभारी एवं उपाध्यक्ष श्रीमती अर्चना शंकर विशिष्ट अतिथि रहीं। मुख्य अतिथि श्री शंकर ने अपने संबोधन में सफाई मित्रों को राष्ट्र के स्वच्छता मिशन के ध्वजवाहक बताते हुए कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ समाज की कल्पना उनके अथक परिश्रम और समर्पण के बिना अधूरी है। श्रीमती अनुराधा शर्मा ने भी सफाई कर्मचारियों के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि यही लोग पर्यावरण को स्वच्छ, सुंदर और रहने योग्य बनाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान 150 सफाई मित्रों को साड़ी, टी-शर्ट और रिफ्लेक्टिव जैकेट प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, स्थानीय साप्ताहिक बाजार में सामुदायिक स्वच्छता अभियान चलाया गया, कर्मचारियों ने स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए शपथ ली और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जनसमुदाय को स्वच्छता एवं स्वच्छ जीवनशैली के महत्व का संदेश दिया।
एनटीपीसी लारा के इस आयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि स्वच्छता केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि जनभागीदारी का वह आंदोलन है जिसमें समाज का हर वर्ग समान रूप से सहभागी और जिम्मेदार है।
RDJ/PJ








